
3 घरों को बनाया निशाना, एक घर से 50 हजार से अधिक की रकम गायब, युवती से मारपीट
जबलपुर (जयलोक)। गोराबाजार थाना अंतर्गत अनंततारा में तीन घरों में डकैती का प्रयास किया गया। हालांकि पुलिस इसे डकैती नहीं चोरी मान रही है। यहां सोमवार सुबह तडक़े 4 बजे के करीब पाँच लोग यहाँ रहने वाले लोगों के घरों में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसमें एक घर में घुसने में सफल भी रहे। यहाँ से लुटेरों ने 50 हजार से अधिक की रकम लूट ली। इसके साथ ही एक युवती के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

मामला गोराबाजार थाना अंतर्गत आने वाले अनंततारा का है। यहाँ रहने वाले एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी, वंदना सिंह और उनके ही घर से सटा एक श्री वर्मा के घर में डकैती का प्रयास किया गया। डकैतों की संख्या पाँच बताई जा रही है। सभी आसपास बने तीनों घरों में घुसने की कोशिश कर रहे थे। एक घर में डकैतों की कोशिश सफल रही, यहां से उन्होंने पचास हजार से अधिक की रकम भी गायब कर दी। इसके साथ ही दो घर में घुसने की कोशश करने के दौरान परिवार के एक सदस्य की नींद खुली जिसने डकैतों को रोकने की कोशिश की। लेकिन डकैतों द्वारा दरवाजे पर किए गए हमले से परिवार की युवती को भी चोट लगी। वारदात में सफल ना हो पाने और शोर शराबा होने के कारण डकैती भाग निकले।
सीसीटीवी कैमरे में हुए कैद
डकैतों की यह करतूत घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने बताया कि घर में घुसने की कोशिश करने वालों की संख्या पाँच है। आरोपी गलियों में से आकर घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ देखी जा रही है। हालांकि यह कौन है इसकी पुलिस जाँच कर रही है।

चोरी का मामला दर्ज
गोराबाजार थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम ने बताया कि मामला चोरी का है। जिसमें एक घर में चोरी हुई है बाकी दो घरों में चोरी का प्रयास किया गया है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इलाके में दशहत
इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। यहां रहने वाले लोग रात का सन्नाटा होते ही घबरा रहे हैं। जिस तरह से आरोपियों ने आसपास बने तीन घरों को निशाना बनाने का प्रयास किया उसे देखकर यहां रहने वाले लोगों को अपने परिवार की चिंता सता रही है।
ईदगाह में कब्जा दिलाने का वीडियो आया सामने ,तीन पार्षद सहित 16 गिरफ्तार
Author: Jai Lok







