
नई दिल्ली। भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) को अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट ग्रोक के दुरुपयोग को लेकर कड़ी चेतावनी जारी की है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कंपनी को निर्देश दिया है कि वह अपने एआई सिस्टम की तकनीकी, प्रक्रियात्मक और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक समीक्षा करे। सरकार ने यह कदम उन शिकायतों के बाद उठाया है जिनमें यह पाया गया कि ग्रोक का उपयोग करके महिलाओं और बच्चों की आपत्तिजनक और यौन स्पष्टता वाली तस्वीरें तैयार की जा रही हैं। मंत्रालय ने कंपनी को इन निर्देशों पर की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट अगले 72 घंटों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है। आईटी मंत्रालय के साइबर लॉ विभाग द्वारा भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि एक्स को अपने सेवा नियमों और उपयोगकर्ताओं के लिए निर्धारित एआई उपयोग प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करना होगा। सरकार ने निर्देश दिया है कि जो खाते ग्रोक के माध्यम से ऐसी अश्लील सामग्री बना रहे हैं, उन्हें तत्काल निलंबित या बंद किया जाए। इसके अलावा, मंत्रालय ने यह भी कहा है कि ऐसी सामग्री जो पहले ही प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो चुकी है या बनाई जा चुकी है, उसे बिना किसी देरी के हटाया जाए या उसकी पहुंच रोकी जाए। यह कार्रवाई आईटी नियम 2021 के तहत निर्धारित समयसीमा के भीतर होनी चाहिए, और कंपनी को यह सुनिश्चित करना होगा कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के डिजिटल साक्ष्य प्रभावित न हो।
दिल्ली-बिहार जीतने के बाद अब 2026 में बंगाल बीजेपी के लिए नाक का सवाल
Author: Jai Lok







