बड़े स्तर पर विकास काम कराने की है तैयारी
उज्जैन (जय लोक)। उज्जैन में साल 2028 में होने वाले सिंहस्थ कुंभ के लिए 2378 हेक्टेयर भूमि पर 5 हजार करोड़ रुपए की लागत से स्थायी कुंभ सिटी बनाई जाएगी। इसमें इंटरकनेक्टेड चौड़ी सडक़ें, अंडरग्राउंड लाइट, हॉस्पिटल, स्कूल, खूबसूरत चौराहे और सडक़ डिवाइडर वाला अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त एक नया शहर बनाया जाएगा। प्लान के मुताबिक उज्जैन विकास प्राधिकरण 1806 किसानों की करीब 5000 सर्वे वाली जमीन को लैंड पुलिंग कर हाईटेक कुंभ सिटी के रूप में तैयार करने जा रहा है। हालांकि, किसान सरकार की जमीन अधिग्रहण पॉलिसी का कई दिनों से विरोध कर रहे हैं। इयके चलते शासन और किसानों के बीच बातचीत भी जारी है।
5 हजार करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान
कलेक्टर आशीष सिंह का कहना है कि ऐसा पहली बार होगा, जब सिंहस्थ भूमि पर स्थायी सडक़ें, बिजली के पोल और अन्य निर्माण काम किए जाएंगे। सिंहस्थ की भूमि पर एक धार्मिक शहर का निर्माण होगा। आशीष सिंह का दावा है कि यह मध्य प्रदेश की पहली ऐसी योजना होगी, जिसमें इतने बड़े स्तर पर कार्ययोजना बनाकर एक नया शहर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 5 हजार करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
