
जबलपुर, (जयलोक)
होटल ऋषि रीजेंसी के मालिक पर एक महिला ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। जिसकी शिकायत महिला ने गोरखपुर थाने में की थी। जहां पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। ऋषि रीजेंसी के संचालक ने महिला को क्रिस्टल टावर की जगह को किराए पर देने का वादा करके दो लाख रूपये ले लिए थे।

यहां शिकायतकर्ता महिला अपना जो व्यवसाय आरंभ करना चाहती थी गुजराल परिवार ने उस कंपनी के प्रोडक्ट लेकर वहां अपना व्यवसाय आरंभ कर दिया। वहीं अग्रिम राशि दो लाख रूपये लौटाने में भी टालमटोल कर रहे थे। जिसकी शिकायत महिला ने गोरखपुर थाने में की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। आईटीआई निवासी जेसिका कोडवानी महिला हेयर ड्रेसिंग का काम शुरू करने के लिए किराए की जगह तलाश कर रही थी। इस बीच उसकी मुलाकात महेन्द्र सिंह गुजराल, उसकी पत्नी जगिंदर कौर गुजराल और दंपति पुत्र दिग्विजय ङ्क्षसह गुजराल से हुई।
जिन्होंंने महिला का व्यवसाय शुरू करने के लिए क्रिस्टल टावर दिखाया। तीनों ने महिला को क्रिस्टल टावर के प्रथम तल में एक जगह दिखाई। बैंक के माध्यम से महिला ने दो लाख रूपये अग्रिम भुगतान किया। लेकिन रूपये लेने के बाद गुजराल परिवार ने महिला को व्यवसाय के लिए जगह नहीं दी।

इतना ही नहीं महिला जिस कंपनी का काम शुरू करना चाहती थी उसी कंपनी का प्रोडक्ट लेकर गुजराल परिवार ने अपना काम शुरू कर दिया। इसके अलावा महिला को अग्रिम भुगतान भी नहीं लौटाया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर गुजराल परिवार पर मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
Author: Jai Lok







