
जबलपुर (जयलोक)। गुरू के प्रति आस्था और श्रद्धा का महापर्व गुरू पूर्णिमा आज पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। गुरू पूर्णिमा के अवसर पर गुरू वंदना, व्यास पूजन, भोजन भंडारे के आयोजन किये जा रहे हैं। गुरू पूर्णिमा के दिन गुरू दर्शन और उपासना पूजन का विशेष महत्व है। अनादिकाल से गुरू शिष्य परंपरा चली आ रही है। आज भी गुरू पूर्णिमा पर यह परम्परा कायम है।

10 मुखी महाकाली मंदिर
लार्डगंज कछियाना चौक स्थित दस मुखी माता महाकाली मंदिर में महंत योगी राजेश महाराज के सानिध्य में गुरुपूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे के बाद हवन गुरुपूजन एवं दीक्षा कार्यक्रमों के बाद पूजन एवं प्रसाद का वितरण हुआ।

हरे कृष्णा आश्रम भेड़ाघाट
हरे कृष्णा आश्रम में चातुर्मास पर नर्मदा पंचकोषी स्वर्ण कलश की 108 परिक्रमा कर संकीर्तन निकाली गई। वहीं गुरु पूजन के साथ भंडारे का आयोजन भी किया गया। इस दौरान डॉ. सुधीर अग्रवाल, श्रीमति सुषमा शंकर पटेल, मनमोहन दुबे, श्याम मनोहर पटेल, विनोद दिवान आदि उपस्थित रहे।

दादा दरबार
गौरीघाट स्थित सिद्ध दादा धूनीवाले दरबार में प्रात: 5 बजे से प्रभातफेरी 8 बजे दादा जी का अभिषेक पादुका पूजन 9 बजे दाद नाम संर्कीतन 11 बजे गुरुपूजन एवं अभिषेक, 12 बजे ध्वाजारोहण, दोपहर 1 बजे हवन पूजन, 2 बजे विशाल भंडारा हुआ। वहीं 6 बजे दीपदान भजन संध्या रात्रि 8 बजे से आकाशवाणी कलाकारों द्वारा भजन संध्या का आयोजन होगा।
नरसिंह मंदिर गीता धाम में आयोजन
नरसिंह पीठाधीश्वर डॉक्टर स्वामी नरसिंह दास महाराज भगवान नरसिंह लक्ष्मी नारायण,भगवान योगेश्वर, श्री पारदेश्वर महादेव शंभो और गुरु पादुका का पूजन गीता धाम में किया। तत्पश्चात प्रात: 8 बजे से साकेत वासी रामचंद्र दास शास्त्री महाराज, श्रीमद् जगतगुरु डॉ. स्वामी श्याम देवाचार्य महाराज की समाधी पर अभिषेक पूजन अर्चन हुआ। वहीं नरसिंह मंदिर मे गुरु पूजन प्रात: 10.30 बजे से 12 बजे तक हुआ। 1 बजे से गीता धाम में गुरु पूजन, भक्त जनों को भोग भंडारा प्रसादी वितरण किया गया।
गौलोकधाम में पूजन अर्चन आज
गुरुपूर्णिमा पर्व पर गौलोकधाम के अधिष्ठाता जगद्गुरु कृष्ण किंकर महाराज एवं साध्वी सुषमा दीदी के पावन सूक्ष्म सानिध्य में श्री गुरु चरण पादुका पूजन का आयोजन प्रात: 9 बजे से पूजन अर्चन किया गया।
गुप्तेश्वर स्वयंभू सिद्धपीठ
गुरुपूर्णिमा पर आज प्रात: 4 बजे से स्वयंभू सिद्धपीठ गुप्तेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया गया। मंगला आरती के बाद गुरु दर्शन, पूजन प्रात: 9 बजे से 12 बजे तक हुआ अपरान्ह 3 बजे से रात 10 बजे तक कार्यक्रम निरंतर चलेगा।
दीक्षा महोत्सव का आयोजन
गुरुदेव श्रीमद् जगद्गुरु सुखानंद द्वाराचार्य स्वामी राघव देवाचार्य के पावन सान्निध्य में गुरुपूर्णिमा एवं दीक्षा महोत्सव का भव्य आयोजन आज प्रात: 10 बजे से 595, स्नेह नगर स्थित जगद्गुरु जी की कुटी मेें कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह महोत्सव श्री राघव शिष्य मंडल एवं श्री राघव सेवा संस्था द्वारा आयोजित किया गया। जिसमें श्रद्धालु, शिष्यगण एवं धर्मप्रेमी जन शामिल हुए। कार्यक्रम में गुरुदेव द्वारा गुरु महिमा पर आध्यात्मिक प्रवचन, शिष्य दीक्षा संस्कार एवं भक्तों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शैक्षणिक संस्थाओं में हुए आयोजन
गुरू पूर्णिमा पर आज शहर भर के शैक्षणिक संस्थाओं में आयोजन हुए। इस दौरान स्कूलों में छोटे छोटे बच्चों को भी गुरू का महत्व बताया गया। स्कूल, कॉलेजों और कोचिंग सेंटर में भगवान की तरह गुरूओं को पूजा गया।
Author: Jai Lok







