
जिला समन्वय समिति की बैठक में जुटे थे दिग्गज कांग्रेसी नेता
जबलपुर (जयलोक)। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी दल कांग्रेस दोनों के संगठनों के गठन की हल चलें तेजी से चल रही हैं। भारतीय जनता पार्टी के ग्रामीण इकाई की 21 पदाधिकारियों की नई कार्यकारिणी की घोषणा कल हो चुकी है। वहीं अब शहर भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी के ऐलान का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। प्रदेश भाजपा संगठन अभी लगातार जिलों के पदाधिकारियों की घोषणा लगभग हर दिन कर रहा है और अब प्रदेश के बड़े शहरों की कार्यकारिणी की घोषणा की शुरुआत भी हो चुकी है। जबलपुर के ग्रामीण संगठन की कार्यकारिणी की घोषणा को लेकर अब यह उम्मीद जागी है कि शहर भाजपा के पदाधिकारियों तथा कार्यकारिणी के सदस्यों के नाम भी शीघ्र घोषित हो जाएंगे।

भाजपा ने पहले बूथ अध्यक्ष चुने बाद में अध्यक्ष को चुना, कांग्रेस में उल्टा हो रहा है
वहीं विपक्षी दल कांग्रेस भी अपने संगठन को पूर्ण रूप देने के लिए सक्रिय है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों में संगठन का ढांचा बनाने की लगभग समान ही रहता है। लेकिन भाजपा-कांग्रेस दोनों ही संगठनों के निर्वाचन की प्रक्रिया अलग-अलग है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन के चुनाव की शुरुआत सदस्यता अभियान से की। इस सदस्यता अभियान के बाद बूथ के प्रमुखों का चयन किया गया। बूथ प्रमुखों के चयन के पश्चात भारतीय जनता पार्टी ने ब्लॉक अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया को पूर्ण किया। ब्लॉक अध्यक्षों के निर्वाचन के पश्चात प्रदेश भाजपा ने जिला तथा नगर अध्यक्षों के नाम की रायशुमारी के लिए प्रभारी नियुक्त किए। इसके पश्चात जबलपुर जिला ग्रामीण तथा नगर भाजपा अध्यक्ष के नाम की घोषणा प्रदेश संगठन की ओर से की गई। अध्यक्षों की घोषणा के बाद अब भाजपा के ग्रामीण एवं जिले नगर के पदाधिकारी की घोषणा का सिलसिला शुरू हो चुका है।
कांग्रेस अब चुनेगी ब्लाक अध्यक्ष
वहीं कांग्रेस संगठन ने भी अपनी शहर और जिले के पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया को शुरू किया। प्रदेश कांग्रेस संगठन ने शहर व ग्रामीण अध्यक्षों के नामों की रायशुमारी के लिए पर्यवेक्षक भेजे गए। इन पर्यवेक्षकों द्वारा लगातार की गई रायशुमारी के पश्चात शहर कांग्रेस के अध्यक्ष के पद पर सौरभ नाटी शर्मा और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष के लिए पूर्व विधायक संजय यादव को अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। अब कांग्रेस की कार्यकारिणी की घोषणा प्रदेश संगठन की ओर से होना बाकी है। वहीं कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों की चयन की प्रक्रिया भी नगर संगठन द्वारा शुरू कर दी गई है। शहर में कांग्रेस के ब्लॉकों के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं और यह प्रभारी अब ब्लॉक अध्यक्षों के चयन के लिए ब्लॉक स्तर पर बैठक करके अध्यक्ष के नाम के लिए रायशुमारी का काम शुरू कर चुके हैं।

कांग्रेस के दिग्गजों ने संभाला मोर्चा
पिछले दिनों शहर और जिला कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने एक साथ मिलकर एक होटल में बड़ी बैठक की थी। इस बैठक में विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक तरुण भानोत, पूर्व विधायक विनय सक्सेना तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा और जिला ग्रामीण के अध्यक्ष संजय यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के दिग्गज नेता तथा कांग्रेस से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रमुख भी सम्मिलित हुए। बड़ी लंबी चली इस बैठक में कांग्रेस के लिए एक बड़े कार्यालय को बनाने का निर्णय लिया गया। वहीं कार्यकारिणी के लिए संभावित नामों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस के दिग्गजों ने संगठन को मजबूत करने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
जिलाध्यक्षों की क्लास लेंगे राहुल, पचमढ़ी में 2 से 12 अक्टूबर तक होगा प्रशिक्षण, खरगे भी आएंगे
Author: Jai Lok







