
जबलपुर (जयलोक)। हनी टे्रप मामले में गिरफ्तार हुए तीन लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। इस मामले में नरसिंहपुर की युवती से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का फोकस इस बात पर है कि अब तक आरोपियों ने किन किन लोगों को हनीटे्रप के जाल में फंसाकर ठगी की है। साथ ही युवती किसके कहने पर इस अवैध कार्य में लिप्त हुई है। वहीं इस मामले में पुलिस की संदिग्ध भूमिका भी कई सवाल खड़े कर रही है। पीडि़त युवकों के परिवार वालों का आरोप है कि यादव कॉलोनी चौकी के अंदर एक लाख रूपये की माँग की गई। इस दौरान चौकी प्रभारी भी उपस्थित रहे लेकिन कार्रवाही सिर्फ दो आरक्षकों पर हुई।

क्यों नहीं दी वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना
इस मामले में जब सीएसपी रितेश शिव से बात की गई तो उन्होंने इस बात को तो स्वीकार कर लिया कि चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने इस बात की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी थी। लेकिन उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में चौकी प्रभारी की भूमिका संदिग्ध नजर नहीं आ रही है। नियमानुसार अपराधिक मामले में पुलिस अधिकारियों को अपने वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचित करना होता है लेकिन चौकी प्रभारी ने पूरा मामला खुद ही निपटाने की योजना बनाई। जिससे दो आरक्षकों के साथ चौकी प्रभारी की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है।
परिजनों ने अधिकारियों को दी जानकारी तब फँसे पुलिसकर्मी
इस मामले में पीडि़त युवकों के परिजनों द्वारा उठाया गया कदम पुलिसकर्मियों के लिए महंगा साबित हो गया। परिजनों का आरोप है कि यादव कॉलोनी चौकी के अंदर एक लाख रूपये की माँग की गई। वहीं पुलिसकर्मी भी एक लाख रूपये हनीटे्रप में शामिल लोगों को देने का दबाव बना रहे थे। जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से की। जिसके बाद पुलिसकर्मियों की कार्रवाही पर संदेह हुआ और दो आरक्षकों को लाइन हाजिर कर दिया गया।

कितने लोगों को बनाया शिकार
पुलिस अब यह जानने का प्रयास कर रही है कि युवती सहित उसके साथियों ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। युवती नरसिंहपुर की रहने वाली है और वह शहर के दो युवकों के संपर्क में थी। पुलिस इस गिरोह के अन्य साथियों के बारें में भी जानकारी हासिल कर रही है।
इनका कहना है
चौकी प्रभारी से भी पूछताछ की जा रही है हालांकि उनकी भूमिका इस मामले में संदिग्ध नहीं हैं। जिन पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध थी उन्हें लाइन हाजिर किया गया है।
रितेश शिव, सीएसपी
Author: Jai Lok







