
सीएम हेल्पलाइन और एसपी सायबर सेल में शिकायत के बाद भी नहीं हो रही सुनवाई
जबलपुर (जयलोक)। सायबर शातिर ठगों के कारनामें पुलिस की सुस्ती से और ज्यादा बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस के लापरवाही वाले रवैये से पीडि़तों को भी अपनी रकम वापिस नहीं मिल रही है। ताजा मामला पत्रकार भवन के पास रहने वाले बल्देवबाग निवासी हरी प्रसाद यादव के साथ हुआ। जहां शातिर ठगों ने 60 हजार के करीब रकम उनके खाते से उड़ा दी। लेकिन इस मामले में ना तो सायबर सेल की टीम ने उनकी शिकायत सुनी ना ही लार्डगंज थाने की पुलिस ने। यहां तक कि सीएम हेल्प लाइन में दो बार शिकायत करने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हुई।

शिकायतकर्ता हरी प्रसाद यादव ने बताया कि वे ट्रांसपोर्ट कारोबारी हैं। उनकी चंडाल भाटा में दुकान है। उनका कार्यालय बल्देवबाग में भी है। उन्होंने ेबताया कि 25 अगस्त को उनके मोबाईल पर आरटीओ के नाम से वाहन का चालान आया। उन्होंने लिंक खोली तो उनके खात से 59 हजार 7 सौ रूपये कट गए। जिसकी शिकायत उन्होंने सायबर सेल टीम से की। यहां से जाँच लार्डगंज पुलिस को सौंप दी गई। लेकिन लार्डगंज पुलिस ने अब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है। पिछले दो माह में उन्होंने सायबर सेल एसपी, और सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई।

इतना ही नहीं जाँच में देरी की वजह से उनका खाता भी होल्ड पर कर दिया गया है जिसके कारण उन्हें व्यापारिक लेनदेन में परेशानी हो रही है। हरी प्रसाद यादव का कहना है कि मामला सायबर सेल और लार्डगंज पुलिस के बीच झूल रहा है। जबकि लार्डगंज पुलिस ने अब तक इस मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं की है। जिसके कारण ना तो उन्हें उनका पैसा वापस मिल पा रहा है ना ही उनका खाता शुरू हो पा रहा है। जिसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है।

बरगी हिल्स में दुर्गा पंडाल में दो बच्चों की मौत, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
Author: Jai Lok







