जबलपुर(जय लोक)।
कल रात 1:30 अपने काम से लौट रहे दो युवकों को मामूली सी बात पर चार-पांच अपराधी किस्म के युवकों ने चाकुओं से गोद दिया। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं दूसरे युवक को भी गंभीर रूप से चाकू के घाव लगे है जो जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। बड़े आश्चर्य की बात है कि हत्या और जानलेवा प्रयास जैसी गंभीर घटना घटित हो जाने के बाद भी अधारताल क्षेत्र की जिम्मेदारी संभल रही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाली दुबे को घटना के 12 घंटे बीत जाने के बाद भी इस गंभीर वरदान की जानकारी तक नहीं थी।
1:30 रात में खुली थी पान दुकान
सूत्रों के अनुसार यह पूरा विवाद करौंदा बाईपास पर स्थित एक चौरसिया पान दुकान में घटित हुआ है। रात में 1:30 तक यह पान दुकान किसकी अनुमति पर खुली थी, यह अपने आप में एक बड़ा सवाल है। इसी पान दुकान में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है। कल रात अपने काम से लौट रहे जवाहर नगर में रहने वाले राम चौधरी, राजकुमार चौधरी और रोहित सिंह ठाकुर इसी पान दुकान पर रुक गए थे। जहाँ मामूली सी धक्का लगने की बात पर विवाद हुआ और हमलावरों ने पास छुपा कर रखा चाकू निकाल कर राम चौधरी और राजकुमार पर हमला कर दिया और उन पर लगातार चाकू से कई बार किया।
हो गई हमलावरों की पहचान
अधारताल थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने जानकारी देते हुए बताया कि हमला करने वाले तीन लोगों की पहचान हो गई है। इनमें सौरभ उर्फ साहिल पटेल, आकाश पटेल, पीयूष नोरिया और उनके साथ ही शामिल है। इनके साथ कुछ और लोग भी शामिल थे जिनके बारे में पुलिस पूरी जानकारी एकत्रित कर रही है। आरोपियों से जुड़े कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में रखा है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
माफी माँगी उसके बाद भी मारे चाकू
सूत्रों के अनुसार धक्का लगने के बाद राम चौधरी और राजकुमार चौधरी एवं रोहित सिंह उनसे लडऩे पर उतारू हो गए हमलावरों से धक्का लगने की मामूली सी बात पर माफी भी माँगी लेकिन बदमाशी के नशे में डूबे अपराधियों ने दोनों युवकों पर लगातार चाकू से कई बार हमला कर दिया। जिसके कारण पेट, पीठ व अन्य हिस्से में गंभीर चोटे आई।
अन्य स्थानों पर भी हुई चाकू बाजी
सूत्रों के अनुसार अधारताल चौपाटी और सुहागी में रोड के करीब कुछ असामाजिक तत्व ने चाकू बाजी की घटना को अंजाम दिया है हालांकि सीएसपी अधारताल प्रियंका करचम, थाना प्रभारी राजकुमार खटीक दोनों ही अन्य स्थानों पर चाकू बाजी की घटना होने की जानकारी से इनकार कर रहे हैं। वहीं क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों ने दोनों ही स्थान पर चाकू बाजी की घटना को घटित होते हुए देखने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि अभी इस संबंध में कोई भी शिकायत उनके पास नहीं आई है।
