जबलपुर (जयलोक)। मंगलवार की देर रात मामूली से विवाद को लेकर बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। वारदात को चार लोगों ने मिलकर अंजाम दिया। घायल को लहुलुहान हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहाँ रात तीन बजे बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। वहीं वारदात के बाद से ही चारों हत्यारे मौके से फरार बताए जा रहे हैं। वहीं आज दोपहर बाद मृतक का पीएम के लिए अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
मामला माढ़ोताल के प्रभात नगर का है। यहाँ 50 वर्षीय बच्चू लाल अपने परिवार के साथ रहता है। वह प्राईवेट नौकरी करता था। कल रात काम से वापस आने के बाद खाना खाकर टहलने निकला था। इसी बीच बच्चू लाल का धक्का क्षेत्र के ही रहने वाले राजीबा रेवाड़ी, अंकित, मुकेश सर्विस अहिरवार को लग गया। धक्का लगने की बात को लेकर दोनों ओर से कहासुनी शुरू हो गई। इस बीच बच्चू ने हमलावरों से माफी भी माँगी। लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि चारों युवकों ने बच्चू के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसमें आरोपियों ने लाठी, डंडों, रॉड से बच्चू के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद लहुलुहान हालत में बच्चू को सडक़ किनारे छोडक़र आरोपी भाग निकले। कुछ देर बाद राहगीरों की नजर जब बच्चू पर पड़ी तो वह दर्द से कराह रहा था। सिर से खून निकल रहा था, जिसके बाद उसे आनन फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहाँ रात तीन बजे उसकी मौत हो गई।
हमेशा विवादों में रहते हैं आरोपी
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बच्चू की हत्या करने वाले चारों युवक आए दिन विवादों में रहते हैं। किसी न किसी के साथ मारपीट करना उनके लिए आम बात हो गई है। लोगों का कहना है कि आरोपियों की इस हरकत से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
होली के दो दिन पहले छाया मातम
इस घटना को लेकर क्षेत्र में मातम छाया हुआ है होली के दो दिनों पहले परिवार के प्रमुख व्यक्ति की हुई हत्या को लेकर लोग नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
मृतक ने मरने से पहले बताया कौन है हत्यारे
बच्चू को जब अस्पताल ले जाया जा रहा था तब उसने परिवार वालों को बताया कि उसका विवाद क्षेत्र के ही राजीबा रेवाड़ी, अंकित, मुकेश और सर्विस अहिरवार से हुआ था। विवाद धक्का लगने को लेकर हुआ था जिसमें आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की दो टीमें आरोपियों को पकडऩे के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
इनका कहना है
प्रभात नगर में कुछ युवकों ने मिलकर बच्चू नामक युवक की हत्या कर दी है। विवाद धक्का लगने की बात को लेकर हुआ था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
नीलेश दोहरे, थाना प्रभारी
