
4.5 हजार सफाई मित्र करते हैं 17 लाख लोगों की गंदगी साफ यह सम्मान वास्तव में उनका
जबलपुर (जय लोक)। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 की प्रतियोगिता में पहली बार नगर निगम जबलपुर के हिस्से में यह ऐतिहासिक गौरवशाली सफलता दर्ज हुई है जब पूरे देश में जबलपुर नगर निगम को स्वच्छता की रैंकिंग में पांचवा स्थान प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही किए जा रहे हैं प्रयासों और शहर की सफाई व्यवस्था में हुए सुधार के कारण जबलपुर को पहले तीन स्टार मिलते थे और अब सात स्टार प्राप्त हुए हैं। मिनिस्ट्रियल अवार्ड में भी जबलपुर नगर निगम ने अपना अलग स्थान बनाया है। यह पूरे जबलपुर के लिए बड़े सम्मान और गौरव का विषय है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एमआईसी सदस्य और आयुक्त प्रीति यादव, नोडल अधिकारी संभव अयाची आज सुबह भंवर ताल उद्यान में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से लेकर सीएसआई और शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में सफाई मित्रों का विशेष तौर पर सम्मान किया।
महापौर अन्नू ने कहा कि जबलपुर नगर निगम को यह उपलब्धि और ऐतिहासिक सफलता हमारे शहर की देव तुल्य नागरिकों की जागरूकता, निगम के अधिकारियों से लेकर सफाई मित्रों तक के अथक प्रयासों के कारण प्राप्त हुई। इस सफलता का असली श्रेय इन्हीं लोगों को जाता है।
महापौर के नेतृत्व में और उनकी मंशा के अनुरूप आयुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने नगर निगम की कार्यशैली को बदलते हुए स्वच्छता में शहर को बेहतर स्थिति में लाने की जो रणनीति बनाई थी वह सफल हुई है। जबलपुर शहर में 4.5 हजार सफाई मित्र 17 लाख लोगों की गंदगी साफ करते हैं। यह कार्य बिना अपनी चिंता करे 24 घंटे सातों दिन करते हैं। हर मौसम में करते हैं। आज अगर जबलपुर नगर निगम के खाते में यह बड़ी सफलता आई है तो शहर को स्वच्छ बनाने के प्रति नागरिकों की जागरूकता और सफाई मित्रों के समर्पण के कारण ही यह संभव हुआ है।

पारिवारिक सदस्य के भाव से कार्य कर रहे सफाई मित्र
महापौर अन्नू ने कहा कि मैंने अपने कार्यकाल में इस बात को महसूस किया कि स्वच्छता अभियान में जो सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है वह हमारे सफाई मित्र है। उनके मन में कभी भी उपेक्षा का भाव ना आए, उनके दुख दर्द में भी हम सहभागी रहे इसीलिए उन्हें प्रारंभ से ही हमने अपने पारिवारिक सदस्य के रूप में स्थान दिया। उन्हें सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया उनकी सेवाओं के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। जब उनके मन में भी पारिवारिक सदस्य का भाव आ गया तो वह अपने कार्य में और लगन दिखाने लगे जिसका परिणाम आज पूरे देश के सामने है।
जागरूक नागरिक ही जबलपुर को और आगे ले जाएँगे
आयुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने कहा कि किसी भी शहर को स्वच्छता के कार्य में या फिर विकास के कार्य में आगे ले जाने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ शहर के सम्माननीय नागरिकों की जागरूकता और उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। हमें खुशी है कि हमारे प्रयासों पर जबलपुर के नागरिकों ने विश्वास व्यक्त करते हुए अपनी जागरूकता का परिचय दिया और यह सफल परिणाम सामने आए हैं। हम पूरी तरीके से आशान्वित हैं कि आगे भी हमारे प्रयासों के साथ नागरिकों की जागरूकता से ही हम जबलपुर को और आगे ले जाएंगे और स्वच्छता में और अच्छे तरीके से कार्य कर पाएंगे।

अगला लक्ष्य स्वच्छता में नंबर वन आना
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने शहर के नागरिकों को विशेष तौर पर धन्यवाद देते हुए स्वच्छता के मामले में अपनाई जा रही जागरूकता के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हमारा शहर हमारी संस्कारधानी हमारा घर है और हम सब जबलपुर वासियों को परिवार के रूप में इसेे और सुंदर बनाना है। महापौर अन्नू ने कहा कि अब हमारा अगला लक्ष्य स्वच्छता सर्वेक्षण में जबलपुर को नंबर वन पायदान पर ले जाने का होगा और हम सब मिलजुल कर इस दिशा में प्रयास करेंगे तो निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।
तिलक लगाया-माला पहनाई-मिठाई खिलाई
नगर में कभी यह देखने को नहीं आया है कि शहर के सफाई मित्र जो वास्तव में नगर को स्वच्छ रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं उन्हें इस प्रकार से सम्मानित करने का क्रम निरंतर किया जाता रहा हो। महापौर अन्नू के नेतृत्व में निगम अध्यक्ष रिंकु विज, एमआईसी सदस्य, आयुक्त प्रीति यादव अधिकारी गण की उपस्थिति में आज दर्जनों सफाई मित्रों को प्राप्त सफलता के लिए धन्यवाद देते हुए उन्हें तिलक लगाया गया माला पहनाई गई और मिठाई से उन सभी का इस सफलता के लिए मुंह मीठा करवाया गया।
Author: Jai Lok







