
जबलपुर (जय लोक) शहर के अग्रणी स्कूलों में शामिल सत्य प्रकाश पब्लिक स्कूल लगातार अपने यहां पढऩे वाले बच्चों को सनातन परंपरा की महत्वपूर्ण कडिय़ों से जोडऩे का कार्य कई सालों से करता आ रहा है। इसी क्रम में कल एक और शानदार आयोजन शाला के रंगमंच सत्यरंग प्रेक्षालय में नाटक के रूप में प्रस्तुत होने जा रहा है। जिसमें देश दुनिया में अपनी पहचान बना चुके श्री कृष्णा पर आधारित माधव श्री कृष्ण के जीवन की एक दिल को छू लेने वाले पुर्नकथन का मंचन किया जाएगा ।
माधव वृंदावन के चंचल बांसुरी वादक से लेकर द्वारका के सुदर्शन-धारी राज व्यक्ति तक की उनकी यात्रा को इस नाटक में खूबसूरती के साथ दर्शाया जायेगा। इस हिंदी नाटक के माध्यम से श्री कृष्ण की शक्तिशाली लीलाओं का मंचन किया जाएगा। इस आयोजन की एक प्रमुख बात यह भी है कि इस नाटक में सभी महिला कलाकारों द्वारा जीवंत अभिनय किया गया है, जो मयूरभंज चौ, कलारीपयट्टू, थांग-ता और मणिपुरी मार्शल आर्ट जैसी स्वदेशी लोक परंपराओं को अनुग्रह, शक्ति और भक्ति के प्रदर्शन में पिरोती हैं। इस दिल छूने वाले नाटक में आपको प्यार, प्रतिशोध, धर्म,श्रेष्ठता हर प्रमुख बात की झलक दिखाई देगी। इस आयोजन को लेकर स्कूल के बच्चों में जितना उत्साह है उससे कहीं अधिक उत्साह उनके अभिभावकों में है और सभी इस बात की प्रशंसा भी कर रहे हैं कि स्कूल प्रबंधन द्वारा सनातन परंपरा को आने वाली पीढ़ी में जीवंत करने के बहुत ही सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं। स्कूल के संचालक अनिल ग्रोवर एवं डायरेक्टर तरंग ग्रोवर का मानना है कि यह हमारी सनातन परंपरा और गुरुकुल परंपरा की विरासत है। हम अपनी विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। अपनी आने वाली पीढ़ी को सनातन परंपराओं को जानने के लिए नाटक के माध्यम से उसके महत्व को बताने का प्रयास कर रहे हैं। पूरे देश दुनिया में भारत की शैक्षणिक पद्धति से मजबूत और कोई पद्धति नहीं है। बड़े-बड़े विदेश के स्कूल हमारी ही गुरुकुल परंपरा की नींव पर खड़े हुए हैं। हाल ही में सत्य प्रकाश स्कूल द्वारा लिट् फेस्ट2025(द्वितीय संस्करण) का आयोजन भी सफलतापूर्वक किया गया था। पूरे देश में विख्यात तथा 63वें महाराष्ट्र सर्वश्रेष्ठ हिंदी नाटक सम्मान प्राप्त विख्यात नाटक- माधव का मंचन,दिनांक-29 अप्रैल 2025 को शाम 6:30 पर विद्यालय के सत्यरंग प्रेक्षालय में होने जा रहा है।

लेफ्टिनेंट जनरल शेखावत होंगे मुख्य अतिथि
विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी विद्यार्थी,अभिभावक,शिक्षकगण इस ऐतिहासिक, पौराणिक कथा-यात्रा के प्रत्यक्ष अनुभव हेतु आमन्त्रित हैं।इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल श्री पी.एस. शेखावत(जी ओ सी, मध्य भारत, पी वी एस एम, ए वी एस एम) हैं। जबलपुर के प्रसिद्ध विवेचना रंगमंडल इसके रचनात्मक सहयोगी हैं।
Author: Jai Lok







