
जबलपुर (जयलोक)
खितौला के ईसाफ स्मॉल बैंक में 15 करोड़ के सोने की हुई बैंक डकैती के मामले में डकैतों की लगातार गिरफ्तारियाँ हो रही हैं। लेकिन जिस मात्रा में सोना बरामद होना था वह अभी तक नहीं हो पाया है। पुलिस ने अब साढ़े तीन किलो सोना बरामद कर लिया है। जबकि साढ़े 11 किलो सोना बरामद होना बाकी है। इस मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। इस गिरोह से जुड़े एक और आरोपी को पुलिस ने सागर के देवरी से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पाटन का रहने वाला है जिसने बाहर से आए डकैतों के रूकने की व्यवस्था की थी। इस मामले में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में उक्त आरोपी के लिप्त होने की जानकारी मिली। जिसके बाद से ही यह फरार चल रहा था। पुलिस को सोमवार को सूचना मिली कि आरोपी देवरी में छुपा बैठा है। जिसके बाद पुलिस की टीम ने उसे देवरी से गिरफ्तार कर लिया।
सिहोरा के ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में सोना लूटने वाले आरोपी बबलू उर्फ बाबू लोधी को पुलिस ने सागर के देवरी से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकद 40 हजार रूपए जब्त किए हैं। घटना में मुख्य आरोपियों को किराये का मकान उपलब्ध कराने, डकैती के पूर्व एवं पश्चात परिवहन हेतु मोटर सायकिल की व्यवस्था करने तथा डकैती के बाद भागने में सहयोग करने वाला आरोपी बबलू उर्फ बाबू सिंह लोधी, निवासी उडना करैया, पाटन घटना दिनांक से फरार चल रहा था। लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी देवरी में छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए 4 अक्टूबर को देवरी से आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने पूर्व में गिरफ्तार डकैत राजेश दास एवं उसके अन्य साथियों को इंद्राना से दमोह तक पहुंचाने में सहयोग किया था। वह डकैती में शामिल अन्य आरोपियों के साथ सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई दिया था। पुलिस ने आरोपी से 40 हजार रूपये नगद एवं घटना दिनांक को पहने हुये कपड़े जप्त किए गए हैं।

बाकी का सोना लेकर भागे डकैत
इस मामले में अभी साढ़े 11 किलो सोना बरामद होना बाकी है। पूर्व में पकड़े गए चार डकैतों के बाद पुलिस ने यह कहा था कि इसमें बिहार और झारखंड के डकैत भी शामिल हैं। जो बाकी का सोना लेकर फरार हो गए हैं। पकड़े गए डकैतों ने भी यह बात कबूली थी कि यह सोना बिहार और झारखंड के डकैतों के पास है। जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
बबलू का रिकार्ड खंगाल रही पुलिस
बबलू के पकड़े जाने के बाद पुलिस जहां अब उससे बैंक डकैती के मामले में पूछताछ कर रही है तो दूसरी ओर उसका अपराधिक रिकार्ड भी खंगाल रही है।

इनका कहना है
बैंक डकैती के एक और आरोपी को देवरी से पकड़ा गया है। उसके पास से 40 हजार रूपये नगद बरामद किए गए हैं। आरोपी ने बैंक डकैती में शामिल साथियों को किराए का घर और वाहन उपलब्ध करवाया था।
जितेन्द्र सिंह, एएसपी
Author: Jai Lok







