
भाजपा कांग्रेस आमने-सामने, कल नजर आ सकता टकराव
जबलपुर (जयलोक)। प्रदेश के सबसे बड़े 1100 करोड़ की लागत से बन रहे फ्लाई ओवर का कार्य अंतिम चरण में पहुँच चुका हैं। कांग्रेस का कहना है कि फ्लाई ओवर का कार्य पूरा हो चुका है और अब इसको जनता के लिए खोल देना चाहिए। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि अभी इसमें सौंदर्यीकरण से लेकर लाइटिंग और अन्य कार्य होना बाकी हैं। लाइट लगाकर और पूर्ण सुविधा के साथ इसे जनता के लिए लोकार्पित किया जाना उचित होगा।
इस मामले को लेकर पिछले चार-पाँच दिनों से भाजपा और कांग्रेस के बीच में राजनीतिक बयान बाजी का दौर जमकर चल रहा है। पूर्व सांसद और वर्तमान कैबिनेट पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह का तीखा बयान हाल ही में सामने आया था जिसमें उन्होंने कहा था कि श्रेय लेने की होड़ में कुछ छुटभैये नेता आधी अधूरी जानकारी के साथ यह कार्य कर रहे हैं। इसके बाद कल कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने इसके प्रतिउत्तर में कहा कि कांग्रेस के प्रयासों से यह फ्लाई ओवर की सौगात हमें प्राप्त हुई है। तत्कालीन महापौर प्रभात साहू ने दलगत राजनीति से ऊपर उठते हुए राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा से इस फ्लाई ओवर के लिए चर्चा की थी। जिसके बाद श्री तन्खा ने इसको स्वीकृत करवाने का कार्य किया था। इसके साथ ही नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने 14 जून को 4 बजे दशमेश द्वार के पास से कांग्रेसजनों और जनता के साथ इस फ्लाई ओवर का लोकार्पण करने की घोषणा की है।

25 करोड़ से हो रहा पूरे फ्लाई ओवर की लाइटिंग का कार्य
भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाई ओवर में 25 करोड़ की राशि से पूरी सडक़ों में आकर्षक लाइटिंग का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य पूर्ण हो जाने पर रात्रि के समय भी पुल से गुजरने वाले लोगों को बहुत ही सुविधा हो जाएगी और इस फ्लाई ओवर का सौंदर्य भी बढ़ जाएगा। इसके अलावा अभी पुल के ऊपरी हिस्से में पुताई पेंटिंग का कार्य भी होना है। दमोहनाका के ओर अभी काफी कार्य होना बाकी है। जिसको तेजी से पूर्ण करने के लिए ठेकेदार को निर्देश दिया गया है।
पूर्ण रूप से सुविधा युक्त फ्लाई ओवर के पूर्ण हो जाने के बाद ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके पीछे कोई राजनीतिक श्रेय लेने की मंशा भाजपा की नहीं है। क्योंकि यह सबको पता है कि फरवरी 2019 में शहरी मंत्री नितिन गडकरी ने इस फ्लाई ओवर का भूमिपूजन दमोहनाका के पास से किया था। फिर इसका विस्तार भी भाजपा की केंद्र सरकार के द्वारा जनता की माँग पर किया गया।

अब सबसे मुख्य बात यह है कि कल 4 बजे कांग्रेस की घोषणा के अनुरूप बड़ी संख्या में कांग्रेसी दशमेश द्वार के पास एकत्रित होंगे। संभावना है कि यहां भाजपाईयों से टकराव की स्थिति भी निर्मित हो सकती। पुलिस प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्था रहेगी क्योंकि यहां टकराव की स्थिति निर्मित होने की पूरी संभावना है।
आज रात 12 बजे के बाद बंद रहेगा दमोह नाका चौक से वाहनों का आवागमन

Author: Jai Lok
