
मंत्री राकेश सिंह की माँग पर केन्द्रीय मंत्री गडकरी की स्वीकृति
जबलपुर को मिली 4250 करोड़ रुपए से अधिक की 9 सडक़ परियोजना
जबलपुर (जयलोक)। मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओवर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह की मेहनत के प्रतिफल के रूप में लोकार्पित होकर जनता को समर्पित हुआ। अब इस सबसे बड़े फ्लाई ओवर के प्रारंभ होते ही जबलपुर के विकास के पंख किस प्रकार खुले हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जबलपुर को सडक़ मार्ग की 9 परियोजनाओं में 4250 करोड़ की राशि के विकास कार्य दिवालने में राकेश सिंह सफल रहे।

इसके साथ ही मध्य प्रदेश को टाइगर स्टेट का दर्जा प्राप्त है और देश का शायद यह पहला टाइगर कॉरिडोर बनने जा रहा है जो कि फोरलेन नेशनल हाईवे से जुडक़र बनेगा।
इसके साथ ही जबलपुर को अब सडक़ मार्ग के यातायात के साथ-साथ भविष्य में जल्द ही हवाई मार्ग से भी यातायात का विकल्प दो रोपवे के रूप में मिलेगा। एक और ब्रिज बंदरिया तिराहा से प्रारंभ होकर शाहनाला तक जाएगा जिससे ग्वारीघाट रामपुर की ओर आने-जाने वाले लोगों को और मां नर्मदा के दर्शन करने जाने वाले लाखों लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। जबलपुर भोपाल की दूरी ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के बन जाने के बाद मात्र 3 घंटे में पूरी होगी। 2.5 हजार करोड़ की लागत से जबलपुर रायपुर के लिए फोरलेन सडक़ की सुविधा मिलेगी और इससे मण्डला जिले की अभिशप्त सडक़ भी सुधर जाएगी।
मध्यप्रदेश के लिये शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। इस दिन केन्द्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मप्र का सबसे बड़े वीरांगना रानी दुर्गावती फ्लाई ओवर जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह की मांग पर जबलपुर के विकास को गति देने कई विकास कार्यों की घोषणा की। इस अवसर पर 4250 करोड़ से अधिक की लागत वाली 174 किलोमीटर लंबी 9 सडक़ परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। जबलपुर में आयोजित समारोह में केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने मध्यप्रदेश के लिये 60 हजार करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न सडक़ परियोजनाओं की घोषणाएँ भी की। केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश में पहली बार किसी एक परियोजना के लिए केन्द्रीय सडक़ निधि से सबसे बड़ी राशि 1200 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है तो वह जबलपुर में निर्मित मदन महल-दमोहनाका फ्लाई ओवर है। श्री गडकरी ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह जब संसद सदस्य थे तब उन्होंने इस फ्लाई ओव्हर की मांग की थी। उन्होंने बताया कि तत्कालीन सांसद श्री राकेश सिंह के आग्रह पर उन्होंने फ्लाई ओव्हर को स्वीकृति तो दे दी। केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने बताया कि प्रदेश में सीआरएफ फंड से 1500 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की जा रही है।

जबलपुर को मिली नई सौगात
जबलपुर के विकास को नई गति देने लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी से मांग करते हुए कहा जबलपुर से भोपाल तक ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे हमारे एमओयू का हिस्सा है, और इसका निर्माण पहले चरण में हो ऐसा आग्रह है, श्री सिंह ने कहा कि जबलपुर से मंडला होकर चिल्पी छत्तीसगढ़ की सीमा तक फोर लेन सडक़ बनने से जबलपुर से रायपुर की दूरी कम होगी और एक नया मार्ग मिलेगा। श्री सिंह ने माँग करते हुए कहा मप्र देश का एकमात्र टाइगर स्टेट है और इसीलिए मप्र के प्रमुख टाइगर रिजर्व जिनमें कान्हा, बांधवगढ़, पेंच और पन्ना को जोड़ते हुए टाइगर कोरिडोर बनाया जाये और इन्हे फोर लेन सडक़ों से जोड़ा जाए।
केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की सभी माँगों पर स्वीकृति देते हुए 15 हजार करोड़ की लागत से 255 किमी लम्बे जबलपुर से भोपाल नया ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे, 2.5 हजार करोड़ की लागत से जबलपुर से मंडला होकर चिल्पी छत्तीसगढ़ तक फोर लेन सडक़, 55 हजार करोड़ की लागत से कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और पेंच टाइगर रिजर्व को जोडक़र नया टाइगर कोरिडोर फोर लेन सडक़ निर्माण की स्वीकृति की घोषणा की। इसके के साथ ही पूर्व में घोषित अनगढ़ महावीर मंदिर से बंदरिया तिराहा एवं ग्रेनेडियर चौक से साईं बाबा मंदिर, शाह नाला तक नया फ्लाईओवर के लिए 309 करोड़, एम्पायर टॉकीज से सदर, गोरखपुर से ग्वारीघाट गुरुद्वारा तक रोपवे निर्माण हेतु 900 करोड़, सिविक सेंटर से मालवीय चौक, बड़ा फुहारा से बल्देवबाग तक रोप-वे हेतु 235 करोड़ की राशि स्वीकृत कर घोषणा की और कहा इनकी डीपीआर का कार्य हो रहा है और यह परियोजनाएँ शीघ्र ही साकार रूप लेंगी।
नागपुर की तरह जबलपुर में भी चले 135 सीटर एसी बसें
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि गडकरी जी द्वारा नागपुर में फ्लैश चार्जिंग अत्याधुनिक बसें शुरू की गई हैं, इस 135 सीटर एसी बसों की शुरूआत जबलपुर के साथ मप्र में भी की जाये उनकी माँग पर श्री गडकरी ने कहा यह 135 सीटर एसी बस में बस होस्टेस भी कार्यरत होती हैं। बस का किराया डीजल बस की तुलना में 30 प्रतिशत कम होगा, बसों की क्षमता और सुविधाएं मेट्रो के समान होंगी। जिस प्रकार रोड नेटवर्क में सुधार हुआ है उसी प्रकार परिवहन के साधनों को भी विश्वस्तरीय किया जाएगा और जबलपुर के साथ मप्र में भी इन बसों का संचालन प्रारम्भ किया जायेगा।
– जबलपुर से भोपाल 255 किलोमीटर लंबा नया ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे बनने पर 3 घंटे में तय होगा सफर।
– देश का पहला नेशनल हाईवे पर बनने वाला नया टाइगर कॉरीडोर।
– जबलपुर-दमोह 1700 करोड़ रुपए, जबलपुर-डिंडौरी 4 लेन 200 किलोमीटर मार्ग दिसंबर 2026 तक पूरा होगा।
– 2.5 करोड़ की लागत से जबलपुर से रायपुर तक फोरलेन नया मार्ग।
Author: Jai Lok







