
छतरपुर। छतरपुर बागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह पंडाल का एक हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल बताए गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि बारिश और आंधी के चलते ये हादसा हुआ। हादसा सुबह 7 बजे आरती के बाद हुआ। लोहे का एंगल गिरने की वजह से श्रद्धालु के सिर पर चोट लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरती के दौरान बारिश हो रही थी। इसी समय भारी भीड़ जमा हो गई।
बारिश से बचने के लिए लोग शेड के नीचे पहुंचे थे। मृतक का नाम श्यामलाल कौशल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल राजेश ने बताया कि उनके ससुर लाला श्यामलाल कौशल की इस हादसे में मौत हो गई है। वहीं परिवार के 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पत्नी सौम्या, बच्ची पारुल, बच्ची उन्नति, पड़ोसी आर्यन, कमला हैं। इनको अस्पताल में भर्ती किया गया है।
उन्होंने बताया कि हम लोगों को दर्शन के लिए जाना था पानी गिरने लगा तो भागकर पंडाल के नीचे खड़े हो गए और जब पानी बंद हो गया तभी अचानक पंडाल गिर गया और भगदड़ मच गई। हम लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई है। यहां पंडाल में तकरीबन 15 से 20 लोग नीचे दब गए तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला।
प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव के बाद शहरों की राजनीति में भी पड़ेगा असर

Author: Jai Lok
