सरहज ने दिया साथ, दोनों पति-पत्नी गिरफ्तार
जबलपुर (जयलोक)। एक दिसंबर को संजीवनी नगर स्थित चंदन कॉलोनी में हुई केसरी लाल सेन की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। हत्यारे मृतक के करीब ही निकले। जिसमें पुलिस ने मृतक के साले और सरहज को हिरासत में लिया है। दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया औरा हत्या की पूरी कहानी बयां की।
पुलिस ने बताया कि एक दिसंबर को चंदन कॉलोनी में सडक़ पर केसरी सेन का शव पाया गया था। शव को देखकर शुरू से ही प्रतीत हो रहा था कि उसकी हत्या की गई है। हत्यारे ने सिर पर पत्थर से हमला किया था ताकि उसकी पहचान ना हो सके। वहीं सुबह जब मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोगों ने शव देखा तो शव के चेहरे को सूअर नोंच रहे थे। पुलिस ने अपनी जांच शुरू की और जो भी बातें सामने आईं उसमें किसी करीबी द्वारा ही हत्या की आशंका जाहिर की जा रही थी।
जीजा बहन को करता था परेशान
आरोपी साले ने पुलिस ने बताया कि उसका जीजा शराब पीने का आदी थी। आएदिन शराब पीकर उसकी बहन के साथ गाली गलौच और मारपीट किया करता था। बहन का परिवार बना रहे इसलिए वह व उसका परिवार केसरी लाल सेन से कुछ नहीं कहते थे। जिसे केसरी लाल के हौसले बढ़ते गए और वह पत्नी के परिवार वालों को भी परेशान करने लगा।
परिवार वालों को देता था गाली
आरोपी ने ताया कि उसका जीजा उसकी बहन के अलावा उसके परिवार के साथ भी अभद्रता व गाली गलौच करता था। लेकिन परिवार वाले बहन की खुशी के लिए जीजा से कुछ नहीं कहते थे। लेकिन एक दिन केसरी लाल ने अपने साले की बेटी के साथ अभद्रता करते हुए उसके साथ गाली गलौच की जिससे साले का गुस्सा बढ़ गया और उसने जीजा की हत्या करने की योजना बनाई। आरोपी का मालूम था कि उसका जीजा कहा काम करता है और घर कब जाता है। उसने जीजा का पीछा किया और देर रात चंदन कॉलोनी के पास उसकी पत्थर से हत्या कर दी। मृतक की जेब से रूपये गायब कर यह दिखाने का प्रयास किया कि यह हत्या पैसे के लिए की गई है।
पत्नी ने देखी वारदात
पति द्वारा जीजा की हत्या करने की पूरी घटना पत्नी ने अपनी आंखो से देखी लेकिन किसी को भी इस बात की जानकारी नहीं दी। यहां तक कि पुलिस जाँच के दौरान भी पत्नी ने कुछ नहीं बताया। जिस रात को आरोपी हत्या करने निकला था उस रात को उसकी पत्नी भी उसके पीछे पीछे वारदात स्थल पर पहुंची थी। वारदात के बाद आरोपी पत्नी के साथ ही घर लौट कर आया था।