
सदस्यता अभियान और मतदान एक साथ जारी
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 18 उम्मीदवार यश घनघोरिया और अभिषेक परमार के बीच मुकाबला
जबलपुर (जयलोक)। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने इस बार कांग्रेस को मजबूत करने की शुरुआत मध्यप्रदेश से की है। राहुल गांधी की पहल पर पहली बार युवक कांग्रेस के चुनाव डिजिटल ऑनलाइन एप से हो रहे हैं। यह पहला मौका है जब डिजिटल ऐप से होने वाले चुनाव में सदस्यता अभियान भी जारी है और जो लोग सदस्यता लेते जा रहे हैं वह तत्काल मतदान भी कर रहे हैं। अभी तक पूरे प्रदेश में 4 लाख से अधिक युवक सदस्य बन चुके हैं और वह मतदान भी कर चुके हैं। युवक कांग्रेस के चुनाव में प्रदेश के दिग्गज नेताओं की सक्रियता भी बनी हुई है और वह चाहते हैं कि उनके चहेते युवक कांग्रेस के प्रदेश के संगठन में काबिज हों।
प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के लिए वैसे तो 18 उम्मीदवार मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला जबलपुर के पूर्व मंत्री और विधायक लखन घनघोरिया के बेटे यश घनघोरिया और अभिषेक परमार के बीच ही हो रहा है ऐसा दावा युवा कांग्रेस के जानकार कर रहे हैं।ऑनलाइन ऐप के माध्यम से युवा कांग्रेस के चुनाव की प्रक्रिया 20 जून से शुरू हो चुकी है यह चुनाव प्रक्रिया 19 जुलाई तक चलने वाली है। इस चुनाव में ऐप के माध्यम से प्रदेश के युवा कांग्रेसी सदस्यता लें रहे हैं और लगे हाथ मतदान भी कर रहे हैं?।

चुनाव के लिए जो फार्मूला तय किया गया है उसके मुताबिक सदस्य बनने वाले युवा को सबसे पहले ऑनलाइन 50 रुपए सदस्यता शुल्क जमा करना होते हैं और जब सदस्यता शुल्क जमा हो जाता है तो वह युवक सदस्य बन जाता है और सदस्य बनते ही वह युवक कांग्रेस के चुनाव के लिए मतदान करता है।
6 पदों के लिए हो रहा मतदान
युवा कांग्रेस के इस बार ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष सभी का चुनाव ऑनलाइन ऐप के माध्यम से हो रहा है। सदस्य बनते ही युवा कांग्रेस के 6 पदों के लिए मतदान शुरू हो जाता है। जिन 6 पदों के लिए मतदान होता है उनमें युवक कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष शहर या जिला कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव तथा प्रदेश अध्यक्ष ऐसे छह पदों के लिए मतदान चल रहा है। यह पहला मौका है जबकि ब्लॉक के अध्यक्ष का चुनाव भी ऑनलाइन हो रहा है और मनोनयन की परिपाटी से युवा कांग्रेस मुक्त होने जा रही है।
अध्यक्ष पद के लिए 18 और महासचिव के लिए 178 उम्मीदवार मध्य प्रदेश में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के लिए जब ऑनलाइन एप से चुनाव हो रहे हैं तब यह पहला मौका है कि चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष के लिए18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। इन 18 उम्मीदवारों में जबलपुर के यश घनघोरिया के साथ ही अभिषेक परमार योगिता सिंह,जावेद पटेल, नीरज पटेल, गीता कड़वे,प्रमोद सिंह ,विश्वजीत सिंह चौहान, विनय पांडे, राजवीर कुडिय़ा प्रियेश चौकड़े, अब्दुल करीम सिद्दीकी, शुभंगना राजे जामनिया,आशीष चौबे, देवेंद्र सिंह दादू, स्वीटी पाटिल, शिवराज यादव मोनिका मांडरे अध्यक्ष पद के चुनाव की दौड़ में शामिल हैं। वही युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पद के लिए 178 उम्मीदवार चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

जबलपुर शहर के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार
जबलपुर शहर के युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए जो उम्मीदवार मैदान में है उनमें अमित सोनकर, शुभांशु कनौजिया, शिल्पा चौधरी, संजय अहिरवार, राजीव सोनकर, दुर्गेश शनी डागौर, प्रकाश परमार और अरुण ओहरी आदि चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं जबलपुर ग्रामीण युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के लिए शुभम श्रीवास्तव, सौरभ सिंह गौतम, अमित सोनकर, सोहेल अख्तर और शुभम बोहित मैदान में हैं।
19 जुलाई तक मतदान
युवा कांग्रेस के चुनाव के लिए पूरे प्रदेश भर में 19 जुलाई तक मतदान होगा और इस मतदान के बाद मतों की गणना भी प्रारंभ होगी और चुनाव परिणाम घोषित होंगे।
आर्थिक सूखा भी दूर होगा
प्रदेश युवा कांग्रेस के चुनाव के लिए सदस्य बनने के लि 50 रुपए की फीस ऑनलाइन जमा कराई जा रही है। अभी तक 4 लाख से ज्यादा युवकों ने यह राशि जमा करके सदस्यता ले ली है वहीं 19 जुलाई तक यह संख्या और भी बढऩे जा रही है। लाखों की संख्या में 50 रुपये के सदस्य जब पूरे प्रदेश में युवा कांग्रेस के बन जाएंगे तब युवा कांग्रेस के सामने आर्थिक सूख नहीं रहेगा और उसके पास संगठन के लिए बड़ी धनराशि जमा हो जाएगी।
देश के कई राज्यों में 10 जुलाई तक जमकर बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट

Author: Jai Lok
