तिलवारा पुलिस ने आरोपी को नकारा- कहा बदतमीजी कर रहा था युवक
जबलपुर (जय लोक)। विगत दिवस वाहन चेकिंग के दौरान एक और विवाद खड़ा हो गया। इस बार भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के एक मंडल मंत्री को पुलिस द्वारा जमकर सूट दिया गया। पुलिस का कहना है कि युवक धौंस दिखा रहा था और बतमीजी पर उतारू हो गया था। वाहन चेकिंग के दौरान वाहन चालन के नियमों का पालन नहीं कर रहा था और दस्तावेज मांगे जाने पर उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से बहस करना प्रारंभ कर दिया। घटना में पीड़ित भारतीय जनता युवा मोर्चा के चंद्रशेखर मंडल के मंत्री पवन शर्मा ने बताया कि तिलवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत चेकिंग के दौरान उसका वाहन रोका गया उसने अपना परिचय दिया और पुलिस कर्मियों से चर्चा की। पुलिस कर्मियों ने कागज मांगे इसके बाद बात करने के लहजे को लेकर इनके बीच में विवाद हुआ। युवक का कहना है कि उसे थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा, जयशंकर और राहुल नमक पुलिस कर्मी घसीटकर थाने के अंदर ले गए और जानवरों की तरह उसे पीटा गया। इस घटना में उसके कंधे में गंभीर चोट आई है और पूरे शरीर में लट्ठ के निशान है।
संगम कॉलोनी में रहने वाले पवन कुमार भारतीय जनता युवा मोर्चा के चंद्रशेखर मंडल के मंत्री है। घटना के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल मंत्री विजयनगर थाना पुलिस पहुंचे जहां उन्होंने तिलवारा थाना पुलिस के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। विजयनगर थाना प्रभारी अपनी गाड़ी में बैठकर पवन शर्मा को मुलायजा के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। युवा मोर्चा के नेता ने जबलपुर पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि करीब आधे घंटे तक लगातार उसके साथ मारपीट की गई। कुछ देर बाद जब उसके साथियों को जानकारी लगी, तब उसे थाने से छोड़ा गया।
तिलवारा थाना पुलिस पर मारपीट करने के आरोप को थाना प्रभारी ने पूरी तरह से नकार दिया है। टीआई ब्रजेश मिश्रा का कहना है कि पवन के साथ किसी भी तरह की मारपीट नहीं की गई है। वाहन चेकिंग चल रही थी, यह तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे और इन्हें जब रोका तो इन्होंने, पुलिस से बदतमीजी करना कर दी और वीडियो बनाने लगे। मना किया तो विवाद बढ़ गया। टीआई का कहना है कि अगर पुलिस ने उसके साथ मारपीट की है तो वह वीडियो दिखा सकता है।
घटना को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा है कि निश्चित रूप से जो घटना हुई है वह बहुत ही निंदनीय है। पुलिस ने बर्बरता से हमारे कार्यकर्ता के ऊपर मारपीट की है। इस घटना को लेकर एसपी से मुलाकात कर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करवाई जाएगी।
