कहीं निकल रही शोभायात्रा, तो कहीं हो रहे सांस्कृतिक आयोजन
जबलपुर (जयलोक)। पाँच दिवसीय रंगोत्सव होली के त्यौहार का समापन आज बुधवार को होगा। रंगपंचमी के अवसर पर आज शहर में अनेक स्थानों पर होली मिलन के रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। वहीं मस्तानों की टोली की आज रंग गुलाल उड़ाते नजर आ रही है। यद्यपि महाकौशल अंचल में रंगपंचमी का पर्व औपचारिक तौर पर ही मनाया जाता है। मालवा और विंध्य में रंगपंचमी का त्यौहार उत्साह और उमंग के साथ धुरेड़ी से ज्यादा मनाया जाता है। विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने रंगारंग आयोजनों के साथ होली मिलन के कार्यक्रम आयोजित किये हैं। पुलिस ने भी शांति व सुरक्षा व्यवस्था के लिये होली की तरह व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। आयोजन स्थलों पर व्यवस्था की गई है, वहीं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त करने के निर्देश दिये गये हैं।
संत रविदास का होली मिलन आज
संत रविदास विचार मंच द्वारा आज लालकुआं पोलीपाथर स्थित महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष चंदाबाई के निवास पर होलीमिलन समारोह का आयोजन शारदा प्रसाद चौधरी के मुख्यातिथ्य और रामबाई चौधरी की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में मानिकलाल जाटव, रामसिपाही सेठ, बाल्मीक चौधरी, राहुल चौधरी, सियाबाई, मीनाबाई, सीताबाई, रामकली, लक्ष्मीबाई आदि उपस्थित रहे।
शोभायात्रा, झांकियां और सांस्कृतिक आयोजन
आज रंग पंचमी के मौके पर समरसता सेवा संगठन द्वारा आज होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस दौरान समरंग यात्रा निकाली जा रही है। जिसमें साधु संतों सहित श्रद्धालु भी शामिल हो रहे हैं। शोभायात्रा और पुष्पवर्षा श्रीराम जानकी मंदिर, छोटा फुहारा से प्रारंभ हुई यह यात्रा मिलौनीगंज चौक, सुभाष टाकीज, कोतवाली, कमानिया, बड़ा फुहारा, लार्डगंज, सुपर बाजार और मालवीय चौक होते हुए डी.एन. जैन कॉलेज मैदान पहुंचेगी। रास्ते में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया जा रहा है। शोभायात्रा में कई सुंदर और भव्य झांकियां शामिल रहीं, जिनमें प्रमुख रूप से बृज की होली, अवध की होली, सामाजिक समरसता, परिवार सभा, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़ी झांकियां शामिल हुई हैं।
परंपरागत गायन के साथ पारंपरिक व्यंजनों का आयोजन
शोभायात्रा के समापन के बाद डी.एन. जैन कॉलेज मैदान में समरसता की होली का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें परंपरागत राई, फाग के साथ, स्टॉल में पारंपरिक व्यंजनों के साथ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होने जा रहा है। इस आयोजन में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होगी।
