Download Our App

Home » Uncategorized » राजनीतिक नियुक्तियों के साथ होगा मंत्रिमंडल विस्तार

राजनीतिक नियुक्तियों के साथ होगा मंत्रिमंडल विस्तार

पितृपक्ष के बाद मप्र में बदलेगा राजनीतिक परिदृश्य
भोपाल (जयलोक)। छत्तीसगढ़ के बाद अब जल्द ही मप्र में कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच निगम, मंडल और प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्ति और मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा हो चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि पितृपक्ष के बाद राजनीतिक नियुक्तियों के साथ मंत्रिमंडल विस्तार की दिशा में सरकार आगे कदम बढ़ाएगी।
गौरतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निगम, मंडल और प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्ति और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से कई बार मुलाकात कर चुके हैं। बताया जाता है कि आलाकमान ने मप्र की सत्ता और संगठन के प्रमुखों को फ्री-हैंड दे दिया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मप्र में सत्ता-संगठन के लंबित मामलों पर पितृपक्ष के बाद फैसले होने लगेंगे। भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की टीम, निगम-मंडलों में दर्जा मंत्रियों की ताजपोशी और मंत्रिमंडल विस्तार/फेरबदल का भी बेसब्री से इंतजार हो रहा है। हाईकमान ने नियुक्ति के इंतजार में बैठे दावेदारों को नवरात्रि से लंबित मामलों पर फैसले लेने के संकेत दिए हैं।
आधा दर्जन मंत्रियों पर तलवार
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल में फेरबदल में आधा दर्जन से ज्यादा मंत्रियों को बाहर किया जा सकता है। कुछ मंत्रियों ने स्वयं मंत्रिमंडल से हटने की इच्छा जताई है, क्योंकि वे अपने विभागों में प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पा रहे हैं। इस फेरबदल में उन मंत्रियों पर विशेष नजर है, जिनका प्रदर्शन अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कार्यकारिणी, निगम-मंडल से लेकर मंत्रिमंडल के मामले में भी नवरात्रि से फैसले शुरू हो जाएंगे। मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट में अभी 31 मंत्री हैं जबकि निर्धारित प्रावधान के अनुसार 34-35 मंत्री हो सकते हैं। खाली 4 पदों के लिए कई दिग्गज कतार में हैं।
संगठनात्मक बदलाव की संभावना
मंत्रिमंडल फेरबदल के साथ-साथ संगठन में भी बड़े बदलाव की संभावना है। प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के अलावा, निगम-मंडलों और विकास प्राधिकरणों में नियुक्तियां जल्द करने की योजना है। यह कदम कार्यकर्ताओं की नाराजगी को कम करने और संगठन को मजबूत करने के लिए उठाया जा सकता है। इसके अलावा, आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी नए चेहरों को मौका देने और क्षेत्रीय व जातिगत संतुलन बनाए रखने की रणनीति पर भी काम कर रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष खंडेलवाल की नियुक्ति को सवा दो महीने बीत चुके हैं। उनकी कार्यकारिणी का गठन होना बाकी है। पार्टी में कई स्तर पर विचार-विमर्श हो चुका है लेकिन पदाधिकारियों की नियुक्ति नहीं हो पाई। यही स्थिति निगम-मंडल और प्राधिकरणों में सियासी नियुक्तियों के मामले में भी है। भाजपा संगठन 62 जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लगभग 8 महीने हो चुके हैं। लेकिन बमुश्किल डेढ़ दर्जन जिलों की कार्यकारिणी ही घोषित हो पाई है। संगठन ने पहली बार जिलों में नई टीम के लिए रायशुमारी भी कराई है इसके बावजूद नई टीम की घोषणा होने में समय लग रहा है। मोहन सरकार ने फरवरी 2024 में निगम-मंडल और प्राधिकरणों में तैनात सभी दर्जा मंत्रियों की नियुक्तियां रद्द कर दी थीं।

 

धारदार हथियार से बुजुर्ग की  हत्या, संंदेही बेटा लापता टीआई माढ़ोताल रात तक छिपाते रहे मामला

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » राजनीतिक नियुक्तियों के साथ होगा मंत्रिमंडल विस्तार