
मण्डला (जयलोक)। कान्हा टाइगर रिजर्व से लगे बफर जोन में बाघों की सक्रियता एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। बीते कुछ दिनों से बाघों की मूवमेंट जंगल की सीमा से बाहर बढ़ती दिखाई दे रही है और अब वे रहवासी इलाकों व रिसॉर्ट क्षेत्रों के आसपास तक पहुंचने लगे हैं। इसी कड़ी में केटीआर के मुक्की जोन से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें एक बाघ खुलेआम मवेशी का शिकार करता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार यह घटना मुक्की जोन के पास स्थित बंजारी टोला क्षेत्र की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बाघ रात के समय मवेशी को एक भवन की बाउंड्री वॉल के पास से घसीटते हुए ले जा रहा है। दूसरे वीडियो में वही बाघ सडक़ पर मवेशी को जबड़े में दबाए आगे बढ़ता दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि यह स्थान साल ट्री रिसोर्ट के नजदीक है, जहां आमतौर पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है।
सोशल मीडिया पर चर्चा है कि वीडियो में नजर आ रहा बाघ कान्हा टाइगर रिजर्व के मुक्की जोन का प्रसिद्ध पट्टेवाला मेल टी-125 हो सकता है। हालांकि वन विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन बाघ की पहचान और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए फील्ड स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया है। घटना के सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और मवेशियों को खुले में छोडऩे से भी परहेज कर रहे हैं। वहीं रिसोर्ट संचालकों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा में कोई चूक न हो।
वन विभाग का कहना है कि बफर जोन में इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। गश्त बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी की जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात में अकेले बाहर न निकलें, मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना वन अमले को दें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि मानव और वन्यजीव संघर्ष को रोका जा सके।
Author: Jai Lok







