
मुख्यमंत्री प्रगति पथ’’ के लिए 26 करोड़ ,नवीन अग्नि शमन वाहनों के क्रय के लिए 12 करोड़ ,पर्यावरण संरक्षण के लिए 10 करोड़ की राशि की मॉंग
जबलपुर (जय लोक) । शहर को विकास कार्यो को पंख लगाने तथा शहर के नागरिकां को मुख्यमंत्री प्रगति पथ सडक़ की सौगात देने के संबंध में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे से 2641.23 लाख रूपये की मॉंग की है। इस संबंध में महापौर ने बताया कि जबलपुर नगर में एकता चौक जे.डी.ए. स्कीम नं. 41 से होते हुए जे.डी.ए. की एस आर-3 रोड़, जबलपुर-कटनी बायपास से जोडऩे वाले मार्ग को ‘‘मुख्यमंत्री प्रगति पथ’’ के रूप में विकसित कर शहर के नागरिकों को शहर की सर्वश्रेष्ठ रोड़ की सौगात दे सकतें हैं। महापौर ने आयुक्त को मुख्यमंत्री प्रगति पथ की आवश्यकताओं एवं उपयोगिताओं की भी विस्तृत रूप से जानकारी दी।
महापौर श्री अन्नू ने अग्नि दुर्घटनाओं से बचाने तथा महानगरीय सुविधाओं में बढ़ोत्तरी करने के उद्देश्य से नवीन अग्नि शमन वाहनों के क्रय के लिए भी आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से 12 करोड़ रूपये अतिरिक्त राशि का आवंटन करने की मॉंग की। उन्होंने बताया कि पूर्व में राज्य शासन द्वारा 8 नग नवीन अग्नि शमन वाहन क्रय किये जाने के लिए नगर निगम जबलपुर को राज्यांश के रूप में राशि रूपये 1.50 करोड़ आवंटित की जा चुकी है।
नगर निगम सीमा अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में बाल्मीकि पद्धति से एक दिन में 11 लाख पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। यह बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान हमारे शहर के हरित आवरण को बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ वैश्विक प्रयासों में योगदान देने की हमारी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। इसके लिए नगर में लगभग 150 एकड़ शासकीय भूमि का चयन किया जा चुका है। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, समाज सेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और नागरिकों की बढ़-चढक़र भागीदारी ली जायेगी ताकि लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बनी रहे और यह जनान्दोलन का रूप ले सके। इस विशाल कार्य को सफल बनाने के लिए हम मियावाकी पद्धति और पौधारोपण उपरांत दो वर्ष तक की देखभाल के साथ कार्य किया जा रहा है जो घने स्थानीय वनों को तेजी से विकसित करने की एक सिद्ध तकनीक है। इसके लिए महापौर श्री अन्नू ने 10 करोड़ की राशि आवंटित करने की मॉंग की है। महापौर श्री अन्नू ने नया जबलपुर विकसित करने के संबंध में भी आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास म.प्र. भोपाल को मॉंग पत्र सौंपकर अनुरोध किया कि देश एवं प्रदेश के विभिन्न शहरों जैसे नई दिल्ली, नवी मुम्बई, नया भोपाल व नया रायपुर को विकसित किया गया है। उसी तर्ज पर महानगरीय स्वरूप प्रदान करने की दिशा में जबलपुर नगर की निरंतर बढ़ती आबादी को देखते हुए नया जबलपुर विकसित किये जाने की नितांत आवश्यकता है। इसके लिए जी.आई.एस. सर्वे कराने की मॉंग की है।
महापौर ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग आयुक्त से जबलपुर में जलप्लावन के निराकरण और वर्षा जल निकासी की व्यवस्था के संबंध में भी चर्चा की और 400 करोड़ रूपये का आवंटन करने मॉंग पत्र सौंपकर अवगत कराया कि नगर निगम सीमान्तर्गत गढ़ा, कछपुरा, शिवनगर, शास्त्री नगर, गंगासागर, करमेता, ओमती नाला के आस-पास के क्षेत्र, मदन महल अंडर ब्रिज, सुहागी, आधारताल, परसवाड़ा, भूकंप कॉलोनी, खंदारी नाला से लगा क्षेत्र नर्मदा नगर, मोती नाला, प्रेम नगर, गोरखपुर एवं महानद्दा इत्यादि क्षेत्रों में प्रतिवर्ष जलप्लावन होने की समस्या बनती है, जिसके निराकरण हेतु नवीन नालों का निर्माण कार्य, हयूम पाइप तथा पुल-पुलियों का निर्माण वर्षा जल निकासी कराया जना अति आवश्यक है। इसके लिए उन्होंने 400 करोड़ रूपये की राशि आवंटित कर जबलपुर के नागरिकों को जलप्लावन से राहत प्रदान करने के कार्यो में सहयोग करने की मॉंग की। इस मौके पर निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव भी उपस्थित रहीं।


Author: Jai Lok
