जबलपुर (जयलोक)। गढ़ा मंडला राज्य की महान वीरांगना रानी दुर्गावती के जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल की बैठक 5 अक्टूबर को सिंग्रामपुर में होने जा रही है। जबलपुर और दमोह के बीच पाटन से आगे सिंग्रामपुर रानी दुर्गावती की राजधानी रहा है। यह स्थान ऐतिहासिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। ऐसे स्थान पर पहली बार प्रदेश की किसी सरकार के मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की है। इस स्थान पर मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित होने से पूरी सरकार का ध्यान इस स्थान की ओर केंद्रित होगा। दमोह से भाजपा के सांसद और केंद्रीय पर्यटन एवं पुरातत्व मंत्री जब प्रहलाद पटेल थे तब उन्होंने सिंग्रामपुर के विकास के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं क्रियान्वित कराई रहीं।
प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार रही तब मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जबलपुर में सांसद विवेक तन्खा की पहल पर मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित कराई थी। अब डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब एक बार फिर जबलपुर के समीप संग्रामपुर में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित होने जा रही है। यह बैठक प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल की पहल पर आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव मंत्रिमंडल के सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी जब आएंगे तब इन सभी को पहले जबलपुर ही आना पड़ेगा और यहां से ही सभी को संग्रामपुर जाना होगा और वापस भी लौटना पड़ेगा। इस बैठक के कारण 5 अक्टूबर को शहर में दिग्गजों के आवाजाही रहेगी।