जबलपुर (जयलोक)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में अचानक तब्दीली आई है। हालांकि शुक्रवार को मौसम दिन भर साफ रहा और पारा 40 डिग्री के ऊपर बना रहा जिससे लोगों को तीखी गर्मी का एहसास हुआ। वहीं दूसरी और मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे के दौरान तेज हवाओं साथ झंझावत और झोंकेदार हवा चल सकती है। संभाग के जिलों में कही कही गरज चमक के साथ हल्की वर्षा या पानी की बौछारे पड़ सकती है। दोपहर में धूप चुभ रही है और सूर्यास्त के बाद भी गर्म हवाओं के थपेड़े चल रहे थे। भीषण गर्मी से सडक़ों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में चहल-पहल शाम ढलने के बाद शुरु हुई। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोप का प्रभाव अभी बना हुआ है अचानक अभी मौसम बदल सकता है। लेकिन गर्मी अपना प्रभाव बना रही है अब दिन के साथ साथ रात में भी तेज गर्मी का एहसास हो रहा है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार विदर्भ में पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय होने से मौसम में बदलाव होने के संकेत मिल रहे हैं। हवा के कम दबाव वाला क्षेत्र यदि मप्र की ओर बढ़ा तो बादल छायेंगे और बूंदाबांदी भी हो सकती है फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकत्तम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22.06 डिग्री सेल्सियस सामान्य दर्ज किया गया। उत्तर-पश्चिमी हवायें 5 से 6 किलोमीटर की प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। प्रदेश में सबसे अधिक 42.3 डिग्री तापमान धार जिले में दर्ज किया गया। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 32.5 और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
आज फिर बदल सकता है मौमस, चलेगी आंधी
मौसम प्रवक्ता का कहना है कि आज फिर मौसम बदल सकता है। जिसका असर कल भी बना रहेगा। जिससे गर्मी से हलकी राहत मिल सकती है। यह बदलाव शाम को देखने को मिलेगा। जब तेज हवा के साथ बूदांबांदी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिणी पाकिस्तान और पश्चिम राजस्थान के ऊपर हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात सक्रिय है। इसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है।
