जबलपुर (जय लोक) । भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित तनावपूर्ण हालात को देखते हुए देशभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपात स्थिति में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिविल डिफेंस वालंटियर्स का पंजीयन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ ‘नाटी’ शर्मा ओमती थाना पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स्वयं को सिविल डिफेंस वालंटियर के रूप में पंजीकृत कराया। इस अवसर पर सौरभ नाटी शर्मा ने कहा, देश जब भी संकट में होता है, कांग्रेस कार्यकर्ता सबसे आगे खड़े होते हैं। हम सभी देशभक्ति की भावना से प्रेरित होकर यह पंजीयन करवा रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को सहयोग दे सकें। कांग्रेस के कई कार्यकर्ता इस पहल में शामिल हुए हैं और आगे भी सैकड़ों कार्यकर्ताओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। पंजीयन प्रक्रिया के दौरान थाने में मौजूद अधिकारियों ने सभी को प्रक्रिया की जानकारी दी और सुरक्षा, बचाव व राहत कार्यों से जुड़ी जिम्मेदारियों को लेकर अवगत कराया।
ओमती थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल ने इस भावना की सहराहना करते हुए कहा कि जब बात राष्ट्र की सुरक्षा की हो, तब हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि पंजीयन के बाद सभी वालंटियर्स को जरूरी प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे वे किसी भी आपदा या युद्ध जैसे हालात में प्रशासन के सहयोगी बन सकें। इसके अलावा बड़े संख्या में नगर और ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं ने सिविल डिफेंस प्लान के अंतर्गत वॉलेंटियर बनने के लिए प्रशसन से संपर्क करना शुरू कर दिया है। इस अवसर पर रिजवान अली कोटी, संदीप जैन, वंदना बैन, शिशांत सिंह ठाकुर, विष्णु विनोदिया, एजाज़ अंसारी, प्रियंक केसरवानी, राहुल बघेल, भाग्यश्री गोस्वामी, अभिषेक तिवारी, अक्षय विनोदिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराया।
अपने थानों में जाकर भर फॉर्म-एएसपी कलादगी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कहा कि सिविल डिफेंस प्लान के तहत वॉलेंटियर्स बनने के सभी 18 वर्ष से ऊपर की आयु के महिला पुरुष अपने थाना क्षेत्रों में संपर्क कर यह फॉर्म प्राप्त कर भर सकते है। युवाओं की देश हित में अधिक से अधिक संख्या में आगे आना चाहिए। देश को इस वकत उनकी जरुरत है।
