Download Our App

Home » अपराध » सिहोरा कांड में 49 लोग गिरफ्तार, पथराव के बाद तनाव, पुलिस ने छोड़े आंसु गैस के गोले, विधायक के भाई भी पथराव के शिकार बने, हिंदूवादी संगठनों ने थाने के सामने किया हनुमान चालीसा का पाठ

सिहोरा कांड में 49 लोग गिरफ्तार, पथराव के बाद तनाव, पुलिस ने छोड़े आंसु गैस के गोले, विधायक के भाई भी पथराव के शिकार बने, हिंदूवादी संगठनों ने थाने के सामने किया हनुमान चालीसा का पाठ

जबलपुर (जय लोक)। जिले के सिहोरा इलाके में गुरुवार रात उस वक्त सांप्रदायिक तनाव फैल गया, जब एक दुर्गा मंदिर में आरती के दौरान तोडफ़ोड़ और उसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। घटना सिहोरा के वार्ड नंबर-5 स्थित आजाद चौक की है, जहाँ हालात इस कदर बेकाबू हो गए कि दर्जनों की तादाद में उपद्रवी लाठी-डंडे और पत्थर लेकर सडक़ों पर उतर आए। इस हिंसक झड़प में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचा है और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

विवाद की शुरुआत मंदिर में आरती के दौरान लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर बताई जा रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने स्पीकर की तेज आवाज पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने मंदिर में घुसकर तोडफ़ोड़ कर दी, जिससे आक्रोश फैल गया।
सिहोरा का आजाद चौक क्षेत्र भौगोलिक रूप से बेहद संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यहाँ दुर्गा मंदिर और मदीना अहले सुन्नत मस्जिद बिल्कुल आमने-सामने स्थित हैं। घटना के समय मंदिर में शाम की आरती चल रही थी और लगभग उसी समय मस्जिद में नमाज का वक्त भी था। रमजान का महीना शुरू होने के कारण इलाके में पहले से ही गहमागहमी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के बाद उपद्रवियों ने मंदिर पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके जवाब में दूसरे पक्ष की ओर से भी प्रतिक्रिया हुई। लगभग 10 मिनट तक दोनों गुट आमने-सामने रहे और पूरे इलाके में ईंट-पत्थर चलने लगे। सूचना मिलते ही सिहोरा, खितौली और गोसलपुर थानों की पुलिस टीमें मौके पर पहुँचीं, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर मुख्यालय से अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। जबलपुर रेंज के आईजी, डीआईजी, जिला कलेक्टर और एसपी सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने देर रात मोर्चा संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक उपद्रवियों की पहचान कर 49 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने उपद्रवियों की गाडिय़ों को जब्त करना शुरू कर दिया है और उनके खिलाफ  सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना पर राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े ने बताया कि वह भोपाल में विधायक दल की बैठक में थे, तभी उन्हें कार्यकर्ताओं ने इस हिंसक झड़प की जानकारी दी। उन्होंने तत्काल जिले के पुलिस कप्तान और प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा को भी हालात से अवगत करा दिया गया है। एसपी संपत उपाध्याय के अनुसार, पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर झगड़े की मुख्य वजह और पत्थरबाजी शुरू करने वाले मुख्य दोषियों की तलाश कर रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है ताकि असामाजिक तत्व दोबारा सक्रिय न  हो सकें।

थाने पहुँचे हिंदूवादी संगठन

आज इस मामले में हिंदूवादी संगठनों ने नाराजगी जाहिर करते हुए थाने के सामने हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने थाने को घेर रखा था। वहीं पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में कार्रवाही की भी माँग की गई। हिंदूवादी संगठनों ने इस मामले में सवाल किया है कि इतनी बड़ी संख्या में पत्थर मस्जिद में कैसे पहुँचे। साथ ही मस्जिद तोडऩे की माँग भी की गई। मंदिर में पथराव करने वालों पर एनएसए की कार्रवाही की माँग की।

अब तक 49 की गिरफ्तारी

पुलिस ने अब तक 49 लोगों की गिरफ्तारी की है। वहीं सीसीटीवी फुटेज की सहायता से उन लोगों की पहचान की जा रही है जिन्होंने मंदिर में पथराव किया।

विधायक के भाई को लगा पत्थर

पथराव के दौरान बहोरीबंद के विधायक प्रणव प्रभात पांडे के भाई प्रांजल पांडे को भी चोटें पहुँची हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्रांजल पांडे उस समय घर के बाहर थे तभी पथराव में उनको चोटें पहुँची। जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।

इनका कहना है

पथराव और उपद्रव करने वाले 49 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही इस मामले में पथराव करने वाले लोगों की शिनाख्त कर अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
आदित्य सिंघारिया, एसडीओपी सिहोरा

 

अगले सात साल में 10 लाख करोड़ का निवेश करेंगे: मुकेश अंबानी

lo
Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » अपराध » सिहोरा कांड में 49 लोग गिरफ्तार, पथराव के बाद तनाव, पुलिस ने छोड़े आंसु गैस के गोले, विधायक के भाई भी पथराव के शिकार बने, हिंदूवादी संगठनों ने थाने के सामने किया हनुमान चालीसा का पाठ
best news portal development company in india

Top Headlines

Live Cricket