महापौर और आयुक्त के निर्देश पर चलेगा विशेष अभियान
जबलपुर,( जयलोक)। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने दीपावली के अवसर पर शहर की सफाई के लिए विशेष कार्य योजना बनाई है। यह अभियान 6 नवम्बर तक, प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक चलेगा।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के अंतर्गत नगर निगम ने 68 प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों को चिन्हित किया है, जहां कचरा उत्सर्जन अधिक होता है। आयुक्त प्रीति यादव ने जय लोक को बताया कि दिवाली के समय घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से कचरा अधिक निकल रहा है। निगम की टीमें इन दिनों 100 टन अधिक कचरा रोजाना की अपेक्षा एकत्रित कर रही है। वैसे प्रतिदिन अनुमानित तौर पर 500 टन के आसपास कचरा एकत्रित करने का काम किया जाता है।अभी व्यवस्था को बहाल रखने के लिए कचरा एकत्रित करने वाले ट्रिपर वाहनों के चक्कर बढ़ा दिए गए हंै। रात्रि कालीन शिफ्ट भी बढ़ा दी गई हैं। व्यवपारिक क्षेत्रों से दो बार कचरा एकत्रित करने का कार्य किया जा रहा है। निगमायुक्त ने बताया कि इन व्यापारिक क्षेत्रों में प्रतिदिन कचरा संग्रहण के लिए 39 अतिरिक्त कचरा गाडिय़ाँ तैनात की जाएंगी। दीपावली के दौरान इन व्यापारिक स्थानों पर अधिक भीड़ होती है, जिसके चलते कचरे का प्रबंधन चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसीलिए, यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है ताकि नागरिकों को कोई परेशानी ना हो। नगर के सभी नागरिकों से अपील करते हुए महापौर और निगमायुक्त ने कहा कि वे त्योहार का आनंद खुशी से लें और अपने घरों का कचरा डस्टबिन में रखें। जब निगम की कचरा गाड़ी आए, तो डस्टबिन का कचरा सीधे उसमें डालें, जिससे आसपास की सफाई बनी रहे और दीपावली का पर्व स्वच्छ वातावरण में मनाया जा सके। इस अभियान की योजना बनाने में उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी एस.बी.एम. संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी संदीप जायसवाल, और सहायक नोडल अधिकारी एस.बी.एम. अभिनव मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
