विकास कार्यांे की रूकावट पर जताया रोष
चारों विधानसभा क्षेत्रों में हुआ प्रदर्शन
जबलपुर (जयलोक) । नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार, विकास कार्यों की रुकावट और महापौर की झूठी घोषणाओं के विरोध में आज कांग्रेस पार्षद दल एवं कार्यकर्ता शहर की चारों विधानसभा क्षेत्रों में भ्रष्टाचार का मटका फोड़ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कांगे्रस ने आज सबसे पहले पश्चिम विधानसभा के शारदा चौक में मटके फोड़े, यहां पर नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उप नेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी और सचेतक अयोध्या तिवारी ने कहा कि महापौर तो शहर विकास की बड़ी बड़ी बातें करते हैं लेकिन जब पार्षद उनके पास किसी काम को लेकर जाते हैं तो वे फंड का रोना रोने लगते हैं। शारदा चौक के बाद मालवीय चौक, कांचघर और रांझी में भी मटका फोडक़र कांगे्रसियों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रीय लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कांगे्रस पार्षद दल के नेताओं का कहना है कि नगर निगम में भ्रष्टाचार की स्थिति अब पूरी तरह असहनीय हो चुकी है। निर्माण कार्यों में फंड की कमी के कारण कार्य रुके हुए हैं, और महापौर, जो कि शहर के पहले नागरिक हैं, सदन और मीडिया में केवल झूठी घोषणाएं करते नजर आ रहे हैं। इन मुद्दों के खिलाफ आज शहर की चारों विधानसभा में कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। पश्चिम, उत्तरमध्य, पूर्व एवं कैंट विधानसभा में अलग-अलग समय पर भ्रष्टाचार का मटका फोडक़र प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस का यह प्रदर्शन नगर निगम में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ और शहर में रुके विकास कार्यों को शीघ्र पुन: प्रारंभ करने की मांग को लेकर किया जा रहा है।