जबलपुर (जय लोक)
नियति ने किसके लिए क्या सोच कर रखा है और कब कौन सा हादसा हो जाए यह कहना बहुत मुश्किल है। जिले के चरगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक ऐसा ही दुखद हादसा हुआ जिसमें रिश्तेदार भाइयों की मौत हो गई। मरने वालों में सभी 10 साल से 18 साल उम्र के बीच के बच्चे हैं। यह घटना ट्रैक्टर पलट जाने के कारण घटित हुई है। मृतकों में शामिल पाँचों भाई आपस में मामा,चाचा, बुआ के बच्चे हैं। इनकी बहन की आज शादी थी। पानी का टैंकर लेने के लिए यह सभी ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। जिसकी बहन की शादी थी उसका नाम धर्मेंद्र गौंड है। ट्रैक्टर यही 18 साल का धर्मेंद्र चला रहा था और इसके साथ रिश्तेदार 15 साल का देवेंद्र, 13 साल का राजीव, 12 साल का अनूप और 10 साल का लकी घर में बैठे हुए थे। इनके साथ 12 साल का दलपत और 10 साल का विकास भी ट्रैक्टर में सवार था। सुबह 11.30 के समय यह लोग घर से ट्रैक्टर लेकर पानी का टैंकर लेने जा रहे थे ताकि बारात आने से पहले ही पानी का इंतजाम सुनिश्चित करके रख लिया जाए। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गाँव तिनेटा देवरी में यह हादसा हुआ है। सभी मृतक और घायल एक ही गाँव के रहने वाले हैं।
50 हजार मदद की मृतकों को,10 हजार घायल को
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा के अनुसार हादसे के तत्काल बाद मौके पर पुलिस पहुँच गई थी। घायलों को एवं मृतकों को मेडिकल अस्पताल भिजवाया गया। जहां शवों के पोस्टमार्टम हो सकेंगे और घायलों को तत्काल इलाज के लिए भर्ती कराया गया। मृतकों को शासन की ओर से 50-50 हजारों रुपए की आर्थिक मदद दी गई है। वहीं घायलों को 10-10 हजार की आर्थिक मदद उपलब्ध कराई गई है।
पूरे गाँव में छा गया मातम
इस घटना की जानकारी लगते ही पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। आसपास के गांव के लोग भी बड़ी संख्या में यहां पहुंच गए। जिस घर में आज शादी की शहनाईयाँ बजनी थी, बहन के यहाँ बारात आना थी, डोली विदा होनी थी, वहाँ पर अब मातम छाया हुआ है और भाइयों की अर्थियाँ आ गई हंै। जिस किसी ने भी इस घटना के बारे में सुना उसके मन में शोक छा गया। मृतक सभी मासूम बच्चे थे जो काल के ग्रास में समा गए।
मंत्री राकेश सिंह पहुँचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, बरगी के विधायक नीरज सिंह घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने डॉक्टरों से चर्चा कर घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली और मृतक बच्चों के परिजनों को भी सांत्वना देते हुए घटना पर अपना गहन दुख व्यक्त किया।
तेज रफ्तार दौड़ रहा था ट्रैक्टर
सूत्रों के अनुसार 18 साल का धर्मेंद्र यह ट्रैक्टर चला रहा था और अति उत्साह में सभी बच्चे ट्रैक्टर पर सवार थे। गांव से कुछ दूरी पर जाते ही इतनी तेज रफ्तार से टै्रक्टर चला रहा था कि हादसे के वक्त चालक को वहां संभलने का मौका नहीं मिला। ट्रैक्टर की इतनी तेज गति थी कि सवार बच्चे भी संभल नहीं पाए और ट्रैक्टर के नीचे दब गए। दो बच्चे उछल कर दूर गिर गए, जिसके कारण उन्हें ज्यादा गंभीर चोटे नहीं आई है।
अपर कलेक्टर मिशा सिंह पहुँची बच्चों का हाल जानने
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर मिशा सिंह मेडिकल अस्पताल पहुंची और घायल बच्चों से हुई दुर्घटना के संबंध में जानकारी भी ली और उन्हें दुलार कर हिम्मत भी दी। हादसे के बाद बच्चे बहुत घबरा गए थे उन्हें प्यार से समझाया गया कि वह डरे नहीं उनका पूरा इलाज बहुत अच्छे से होगा।
