Download Our App

Follow us

Home » अपराध » शमीम की अधिकांश संपत्ति दूसरों के नाम पर! अन्य प्रदेशों के वाहनों का ज्यादा होता रहा उपयोग, सुल्तान अली की संपत्तियों की भी जाँच करेगा प्रशासन

शमीम की अधिकांश संपत्ति दूसरों के नाम पर! अन्य प्रदेशों के वाहनों का ज्यादा होता रहा उपयोग, सुल्तान अली की संपत्तियों की भी जाँच करेगा प्रशासन

जबलपुर (जयलोक)।
विगत दिवस शहर के अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत खजरी खिरिया बाईपास के पास स्थित शमीम कबाड़ी के गोदाम में हुए भीषण विस्फोट के बाद जिला स्तर तक की जाँच एजेंसियों से लेकर राष्ट्रीय स्तर की जाँच एजेंसियाँ सक्रिय हो गई हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी अपने-अपने स्तर पर अलग-अलग बिंदुओं पर कार्यवाही कर रहा है। इसी क्रम में शमीम कबाड़ी और उसके सहयोगी ठेकेदार सुल्तान अली की संपत्तियों की भी जाँच शुरू हो गई है। जाँच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि शमीम कबाड़ी ने अधिकांश संपत्ति दूसरों के नाम पर ले रखी हंै। शमीम उसके बेटे फहीम और अन्य लोगों द्वारा जो वाहन इस्तेमाल होते हैं वह भी अन्य प्रदेशों के रजिस्टर्ड वाहन अधिक हैं। फरार शमीम की तलाश में पुलिस ने उसकी लोकेशन निकालना और कॉल डिटेल्स के बारे में जानकारियाँ लेना शुरू कर दिया है। प्रशासन का राजस्व अमला सारी जानकारियाँ जुटाकर शमीम की संपत्तियों के बारे में जानकारी एकत्रित कर रहा है। जो भी निर्माण हंै उनके बारे में भी जानकारियाँ ली जा रही हैं कि वो निर्माण की अनुमतियाँ नियम अनुसार हैं या अवैध कब्जे हैं। पूछताछ के दौरान ठेकेदार सुल्तान अली ने भी उसके दो गोदाम होने की जानकारी दी है जिसकी जाँच पड़ताल संभवत आज प्रशासन और पुलिस टीम के अधिकारियों द्वारा की जाएगी।सूत्रों के अनुसार 2020-21 में सामने आई शिकायतों के बाद भू-माफिया अभियान के तहत चल रही कार्यवाही के दौरान शमीम कबाड़ी के बाईपास और सैफ  नगर अधारताल के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया गया था। जिला पुलिस द्वारा शमीम कबाड़ी के आपराधिक रिकार्ड को देखते हुए हिस्ट्री शीटर के खिलाफ  रासुका की तैयारी भी की गई थी। लेकिन आगे चलकर यह प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हो गया था।
बड़े अधिकारियों के संरक्षण की हो जाँच
शमीम कबाड़ी ने कुछ वर्षों पूर्व बहुत छोटे स्तर पर कार्य शुरू किया था लेकिन वरिष्ठ पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से अच्छा तालमेल और सेटिंग जमा कर वह काफी आगे बढ़ चुका था। पुलिस के कई बड़े अधिकारियों से शमीम के बड़े निकट के संबंध रहे हैं। कुछ बड़े अधिकारियों का तो उसके यहाँ आना जाना भी रहा है। शमीम को मिले ऐसे बड़े अधिकारियों के संरक्षण की जाँच की भी आवश्यकता समझी जा रही है। मुख्य रूप से पहले शमीम कबाड़ी रेलवे के कबाड़ को खरीदने का कार्य करता था। बिना अनुमति के वाहन अपने कबाड़ खाने में काटने की भी कई शिकायतें पूर्व में पुलिस को मिली थी जिस पर पुलिस ने कार्यवाही भी की थी।
नॉन ट्रेड सीमेंट का व्यापार
शमीम और उसके पुत्र फहीम पर केंद्रित जाँच में यह बात भी निकलकर सामने आई है कि इनके द्वारा नॉन ट्रेड सीमेंट का भी बड़े स्तर पर व्यापार किया जाता रहा है। इस बिंदु को भी जाँच में शामिल करने की बात सामने आई है। जिससे इस बात की पुष्टि हो सके।
आलीशान बना रखा था ऑफिस  नगर निगम ने किया ध्वस्त
जिस गोदाम में भीषण विस्फोट हुआ था उसी परिसर में शमीम और उसके बेटे फहीम द्वारा एक आलीशान ऑफिस बना कर रखा गया था। सूत्रों के अनुसार उक्त ऑफिस में 20 लाख से अधिक की लागत से विलासत का सामान सजाया गया था। धमाके के बाद यह पूरा निर्माण जर्जर और खतरनाक हो चुका था जिसे तोडऩे की कार्यवाही नगर निगम प्रशासन ने जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में की है।
कैसे फैक्ट्री से बाहर निकले बारूद से भरे बम, इसकी भी हो जाँच
एक बात प्रमुख रूप से यह भी निकलकर सामने आई है कि जो कबाड़ आयुध निर्माणी फैक्ट्री द्वारा अनुपयोगी बताकर नीलाम कर कबाडिय़ों को बेचा गया उसमें बारूद से भरे निष्क्रिय बम कैसे बाहर आए? फैक्ट्री प्रबंधन की भी जिम्मेदारी है कि जो भी संवेदनशील वस्तु कबाड़ के नाम पर निकाली जा रही है उसका निरीक्षण बहुत बारीकी से होना चाहिए। फिर बारूद से भरे निष्क्रिय बताए जा रहे बम कैसे कबाड़ में शामिल होकर यहाँ तक पहुँचे। इसकी जाँच गंभीरता से होने चाहिए।
इनका कहना है
आरोपियों के नाम से कहां-कहां कौन सी संपत्तियाँ हैं, वह नियम अनुसार अनुमतियों के अनुरूप निर्मित की गई हैं या अवैध निर्माण हैं इस बात की जानकारी एकत्रित की जा रही है।
                                                                                शिवाली सिंह, एसडीएम आधारताल

Jai Lok
Author: Jai Lok

Leave a Comment

RELATED LATEST NEWS

Home » अपराध » शमीम की अधिकांश संपत्ति दूसरों के नाम पर! अन्य प्रदेशों के वाहनों का ज्यादा होता रहा उपयोग, सुल्तान अली की संपत्तियों की भी जाँच करेगा प्रशासन
best news portal development company in india

Top Headlines

Live Cricket