
जबलपुर (जयलोक)। विगत दिनों थाना-गोहलपुर अंजुमन वक्फ़ बोर्ड जबलपुर के अध्यक्ष मो. अनवर उर्फ अन्नू के विरूद्ध दर्ज मामले में धाराएं बढ़वाने के लिए आज एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। फर्जी नंबर की मोटर साईकिल चलाने वाले मोहम्मद अनवर अन्नू को पुलिस चैकिंग के दौरान एक स्प्लेंडर वाहन के साथ पकड़ा जाकर अपराध क्रमांक 487/2025 दिनांक 10 जुलाई 2025 को थाना गोहलपुर, जबलपुर द्वारा मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 177, 192, 39 सहपठित धारा 281 एवं 347 भारतीय न्याय संहिता, 2023 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
गोहलपुर पुलिस द्वारा आरोपी मोहम्मद अनवर अन्नू पर लगाई गई धाराओं के अतिरिक्त अन्य सुसंगत धाराओं की वृद्धि करने आज एक प्रतिनिधि मण्डल द्वारा पुलिस अधीक्षक से भेंट कर चर्चा उपरांत उन्हें ज्ञापन सौंपा गया। मुज़म्मिल अली ने बताया कि अल्पसंख्यकों की सबसे बड़ी शैक्षणिक संस्था अंजुमन इस्लामिया वक्फ के अध्यक्ष के उक्त कृत्य से अंजुमन की छवि दागदार हो रही है साथ कि अंजुमन में पढऩे वाले बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों में भी घटना से रोष है और उन्होंने भी इस कृत्य की घोर निंदा की है और अभिभावकों का कहना है कि इस ओछी हरकत से अंजुमन की छवि धूमिल हो रही है। प्रतिनिधि मण्डल में तनज़ील ईशान, मुज़म्मिल अली, एड. तकमील नासिर, एड. सचिन मिश्रा, एड. अर्चना दीवान, इमरान खान, जफ़र अली, मज़हर अली व अन्य उपस्थित थे।

Author: Jai Lok







