
जबलपुर (जयलोक)। कल प्रदेश भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपने कार्यकाल के प्रथम तीन महिने में ही प्रदेश की कार्यकारिणी घोषित कर दी है। पिछले अध्यक्षों के मुकाबले श्री खंडेलवाल ने बहुत ही कम समय में प्रदेश कार्यकारिणी गठन का निर्णय लेकर अपनी कार्यशैली से सबको अवगत करा दिया है। इस बार जबलपुर से एक बार पुन: अखिलेश जैन को प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीए अखिलेश जैन लगभग तीन दशकों से अधिक समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और इस दौरान उन्हें पार्टी की तरफ से जितने भी दायित्व मिले वे उनका ईमानदारी से निर्वहन करते आ रहे हैं। कल प्रदेश कार्यकारिणी घोषित होने के बाद समाचार जगत में कार्यकारिणी में शामिल लोगों को किसी ना किसी नेता का खास बताया गया। लेकिन सीए अखिलेश जैन पर किसी भी नेता विशेष का नहीं बल्कि संगठन का ठप्पा लगा पाया गया।
यह सकारात्मक दृष्टि से देखा जा रहा है कि लंबे समय तक राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेताओं के निर्देशन में उनकी अधिनस्थ के रूप में कार्य करते हुए भी सबके प्रति समान भाव और सम्मान बनाकर चले सीए अखिलेश जैन एक बार फिर प्रदेश कोषाध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं। सीए अखिलेश जैन के पिता स्व.श्री निर्मल कुमार जैन भी भाजपा से जुड़े हुए थे और प्रदेश प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। 2008 से 2016 तक अखिलेश जैन सीए प्रकोष्ठ भाजपा के प्रदेश संयोजक रह चुके हैं। 2010 से 2014 की अवधि के दौरान वे भाजपा राष्ट्रीय सीए प्रकोष्ठ के सह-संयोजक भी रहे हैं। भारत सरकार के उपक्रम एमईसीएल में स्वतंत्र निर्देशक का दायित्य भी उन्हें मिल चुका है। प्रदेश भाजपा में कार्यकारिणी सदस्य भी रह चुके हैं। गेल इंडिया के स्वंतत्र निर्देशक भी रह चुके हैं। इसके अलावा भी प्राप्त दायित्वों की लिस्ट लंबी है। जिसका ईमानदारी से निर्वहन कर सीए अखिलेश जैन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में सकारात्मक छवि के साथ कार्य करने में सफल रहे हैं।

वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
सीए अखिलेश जैन को दोबारा प्रदेश कोषाध्यक्ष की जवाबदारी मिलने पर भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं, संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

दिगम्बर फेडरेशन ने दी बधाई
दिगम्बर जैन सोशल गु्रप जबलपुर मेन गु्रप के वरिष्ठ पदाधिकारियों, दिगम्बर जैन सोशल गु्रप फेडरेशन ने सीए अखिलेश जैन को इस जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है। सीए अखिलेश जैन के सरल स्वभाव, सामाजिक योगदान और संगठनात्मक क्षमताओं की सराहना करते हुए, सोशल गु्रप ने उनके नए कार्यकाल की सफलता की कामना की है।

Author: Jai Lok







