
जबलपुर (जयलोक)। पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने अधारताल थाना प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा को कार्य में लापरवाही बरतने पर लाईन हाजिर कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाही फरार कबाड़ी समीम कबाड़ी की जाँच में लापरवाही बरतने पर की गई है। इसके साथ ही कार्य समीक्षा सहित दक्षता को ध्यान में रखते हुए ओमती थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार को विजय नगर थाना प्रभारी बनाया है। विजय नगर थाना प्रभारी प्रतिक्षा मार्को को गोहलपुर थाना की कमान सौंपी गई है। गोहलपुर थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल को थाना प्रभारी ओमती बनाया गया है। खमरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार अंधवार को घमापुर थाना प्रभारी बनाया है और घमापुर थाना प्रभारी भूपेंद्र आर्मो को खमरिया थाना की कमान सौंपी है। पिछले दो माह से फरार हिस्टीशीटर समीम कबाड़ी की तलाश में जुटी हुई पुलिस के पास कोई सुराग नहीं मिले हैं। दूसरी ओर इस कार्य में लापरवाही बरत रहे अधारताल थाना प्रभारी पर एसपी ने कार्रवाही की है।
फरार हिस्ट्रीशीटर इनामी मोहम्मद समीम पर थाना गोहलपुर में 10 अपराध, सिविल लाइन में धोखाधड़ी, मारपीट, तोडफ़ोड़ और थाना अधारताल में आईपीसी की धारा 413,403 एवं 3,7 ईसी,आरपीएफ थाना जबलपुर एवं कटनीमें रेल संपत्ति पर अवैध कब्जा अधिनियम के तहत तथा जिला उमरिया थाना पाली, जिला सागर के थाना बहेरिया, जिला नरिसंहपुर के थाना गोटेगांव में पूर्व से चोरी के अपराध पंजीबद्ध हैं। अधारताल में हुए भीषण विस्फोट कांड के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है। कहा जा रहा है कि एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने इस मामले में लापरवाही बरतने के साथ ही कार्य में उदासीनता को देखते हुए यह कार्रवाही की है।

Author: Jai Lok







