Download Our App

Home » जबलपुर » अधिकारियों पर दबाव, विवादित जमीनों में रुचि की फैली शिकायतें तो विहिप ने प्रांत की टोली से हटाए 3 लोग

अधिकारियों पर दबाव, विवादित जमीनों में रुचि की फैली शिकायतें तो विहिप ने प्रांत की टोली से हटाए 3 लोग

संगठन की छवि सर्वोपरि अनुशासन, निष्ठा से समझौता नहीं
जबलपुर (जयलोक)। विश्व हिंदू परिषद महाकौशल प्रांत अपने आक्रामक तेवरों के साथ-साथ अपनी गरिमा पूर्ण छवि संगठन के अनुशासित और निष्ठावान पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के कारण भी अपनी अलग पहचान रखता है। लेकिन हाल ही में विहिप की महाकौशल प्रांत की दो दिवस की बैठक में केंद्रीय पदाधिकारीयों की मौजूदगी के समय जबलपुर से संबंधित कुछ पदाधिकारियों से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता से विचार विमर्श के बाद उनके पदभार में बड़े बदलाव कर विहिप संगठन से सख्त संदेश दिया गया है। विश्व हिंदू परिषद के जबलपुर से जुड़े कुछ पदाधिकारियों की शिकायतें उच्च स्तर पर पहुँची थी। अखबारों में प्रकाशित जानकारी के अनुसार इनमें से कुछ पदाधिकारियों की शिकायत सरकार के बड़े अफसर ने भी की थी और इस बात का उल्लेख किया था कि विहिप से संबंधित पदाधिकारी होने का अनैतिक दबाव बनाकर कार्य करवाने का दबाव बनाते हैं। अनैतिक कार्य करने से इनकार करने पर उनके साथ विहिप के पदाधिकारियों द्वारा धमकी भरे अंदाज में वार्तालाप किया जाता है। इसके अलावा कुछ और गंभीर शिकायतें यह भी पहुंचीं थी कि कुछ पदाधिकारी विवादित जमीनों से जुड़े मामलों में संगठन के नाम पर हस्तक्षेप कर निजी स्वार्थ सिद्ध करने के लिए कार्य कर रहे हैं और इस वजह से सार्वजनिक रूप से एवं प्रशासनिक अमले के सामने संगठन की छवि भी धूमिल हो रही है।
कटनी में आयोजित हुई महाकौशल प्रांत दो दिवस की बैठक में विभिन्न विषयों के साथ इस गंभीर विषय पर भी वरिष्ठ पदाधिकारी के बीच चर्चा और विचार विमर्श हुआ। इसके बाद जबलपुर के कुछ पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया और और सामान्य कार्यकर्ता की जिम्मेदारी सौंप दी गई।
पद से मुक्त किए गए लोगों के संबंध में सार्वजनिक प्रकाशित खबरों के अनुसार यह जानकारी सामने आई है कि जबलपुर प्रांत संपर्क प्रमुख पंकज श्रीवत्रि, विभाग संयोजक और प्रांत सुरक्षा प्रमुख सुमित ठाकुर तथा जिला बल उपासना प्रमुख विराट ठाकुर को तत्काल प्रभाव से सभी दायित्व से मुक्त कर सामान्य कार्यकर्ता बना दिया गया है। जबलपुर के यतींद्र उपाध्याय जो गौ सेवा प्रमुख थे उनकी जिम्मेदारियों में इजाफा करते हुए उन्हें प्रांत सेवा प्रमुख बनाया गया है। जिन लोगों को संगठन ने पदों से मुक्त किया है उनके स्थान पर अभी किसी की नई नियुक्तियां नहीं हुई हैं। 8 और 9 अगस्त को कटनी में केंद्रीय पदाधिकारी की मौजूदगी में महाकौशल प्रांत के विभिन्न जिले से आए प्रांतीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए थे।
संगठन विस्तार और सामाजिक विषयों पर हुई चर्चा
दो दिवसीय महाकौशल प्रांत की बैठक में केंद्रीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में सभी जिम्मेदार लोगों ने विश्व हिंदू परिषद के संगठन विस्तार और विभिन्न सामाजिक विषयों पर संगठन की भूमिका और दायित्वों के संबंध में चर्चा की और अपने सुझाव रखे। इन्हीं सुझाव के आधार पर संगठन अपने आगामी कार्यक्रम की रणनीति तैयार करेगा।
विहिप के केंद्रीय मंत्री अजय पार्क ने कुटुंब प्रबोधन विषय पर अपने विचार रखते हुए कार्यकर्ताओंं को संबोधित करते हुए कहा कि परिवार व्यवस्था को मजबूत बनाने और समाज के संस्कार एवं पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने पर हमें जोर देना चाहिए।
केंद्रीय सह संगठन मंत्री विनायक राव ने सामाजिक समरसता विषय पर अपने विचार व्यक्त किये और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में हमें ठोस कदम उठाने चाहिए। संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक है कि सभी वर्गों को साथ लेकर कार्य किया जाए।

 

डिंडौरी का जबलपुर से टूटा सडक़ मार्ग संपर्क, नर्मदा नदी उफान पर, दो पुल हुए पानी में जलमग्न

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » जबलपुर » अधिकारियों पर दबाव, विवादित जमीनों में रुचि की फैली शिकायतें तो विहिप ने प्रांत की टोली से हटाए 3 लोग
error: Content is protected !!