
जबलपुर (जयलोक)। प्रदेश में अब 24 घंटे कारोबार की मंजूरी देने के लिए सरकार के स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। इस फैसले से अब 24 घंटे शॉपिंग मॉल, रेस्टारेंट, होटल, रिसार्ट, आईटी सेक्टर, प्रमुख बाजार, बिजनिस सेंटर और इंडस्ट्री को रात दिन खोलने की अनुमति प्रदेश सरकार देने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश के श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल के बीच पहले दौर की चर्चा भी हो चुकी है और लोकसभा चुनाव के बाद सरकार की ओर से अनुमति भी देने की तैयारी की जा रही है।
प्रदेश के श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल का कहना है कि 24 घंटे कारोबार की अनुमति देने का प्रस्ताव अच्छा है इसके लिए चर्चा भी हो चुकी है। प्रोडक्टिविटी और अर्थव्यवस्था की ग्रोथ के लिए यह अच्छा फैसला होगा। इस प्रस्ताव पर बात हो गई है। 24 घंटे कारोबार खोलने के साथ ही इस बात का भी ध्यान सरकार रखेगी कि श्रमिकों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य मिले। हफ्ते में कोई भी 48 घंटे से ज्यादा काम ना करे। अभी देश के कुछ राज्य जिनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा, हिमांचल प्रदेश, उत्तराखंड और तेलंगाना में ही 24 घंटे कारोबार चालू रहता है और अब 24 घंटे कारोबार चालू रखने वाला मध्य प्रदेश सातवां राज्य बन जाएगा। मध्य प्रदेश दुकान एवं स्थापना अधिनियम की धारा 9 में यह स्पष्ट प्रावधान है कि दुकानें या कोई भी अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठान सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा से ना तो पहले खुलेंगी और ना ही बाद में खुल सकेंगी। अभी सुबह 11 बजे से लेकर रात दस बजे तक कारोबार की अनुमति है। अब इस नियम को बदला जाएगा।
फायदेमंद रहेगा फैसला
24 घंटे कारोबार खुला रखने की अनुमति देने से व्यापार बढ़ेगा वहीं रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। क्योंकि शिफ्ट के हिसाब से प्रतिष्ठानों को स्टॉफ रखना होगा। वहीं बाजार में बिकने वाले माल की खपत भी बढ़ेगी। इससे टैक्स वसूली भी ज्यादा होगी और सरकार को राजस्व मिलने के नए द्वार खुलेंगे। 24 घंटे कारोबार से कारोबारियों का भी मुनाफा बढ़ेगा इसके साथ ही व्यापारिक प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी। खुदरा और उपभोक्ता सामान के साथ साथ मनोरंजन के साधनों में भी नया निवेश आ सकता है।
अपराध भी घटेंगे
24 घंटे यदि कारोबार होता है तब बाजार गुलजार रहेंगे और हलचल रहेगी तथा लोगों का आना जाना भी देर रात तक सडक़ों पर बना रहेगा। इससे चोरी तथा रात को होने वाले अन्य अपराध भी कम होंगे।

Author: Jai Lok







