
जबलपुर (जय लोक)। नगर निगम में पंडित भवानी प्रसाद तिवारी सभा कक्ष में बजट बैठक के दूसरे दिन आज मध्य प्रदेश के सबसे उंचे राष्ट्रीय ध्वज और निर्मित होने जा रहे भारत माता मंदिर का मामला गर्माया रहा। विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर महापौर और सत्ता पक्ष को घेरने का प्रयास किया। वहीं महापौर ने विपक्ष के उठाए सवालों का जवाब दिया। दोपहर बाद तक यही स्थिति बनी रही और एक दौर ऐसा आया जब स्थिति नोक झोक की शुरू हो गई, जिसके कारण निगम अध्यक्ष रिंकू विज को सदन की बैठक 15 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ी। समाचार लिखे जाने तक बैठक दोबारा प्रारंभ हो गई थी और अन्य मुद्दों पर विपक्ष के सवाल और सत्ता पक्ष के जवाबों का सिलसिला जारी था।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि सदन आंदोलन, अपशब्द और अमर्यादा की जगह नहीं है। यह संस्कारधानी को महानगर बनाने का मंदिर है। हमें इसकी गरिमा का पालन करना चाहिए। उन्होंने एक शेर के माध्यम से अपनी बात रखी कि हम अपनी जान के दुश्मन को, जान कहते हैं, मोहब्बत की इस मिट्टी को संस्कारधानी और हिंदुस्तान कहते हैं। विपक्ष की ओर से पार्षद अयोध्या तिवारी, अनुपम जैन, शफीक हीरा ने राष्ट्रीय ध्वज और निर्मित होने जा रहे भारत माता मंदिर के मुद्दे पर गुपचुप तरीके से काम करने एवं राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का विषय उठाया। जिस पर महापौर अन्नू ने कहा कि विपक्ष को भारत माता मंदिर के निर्माण में सकारात्मक रवैया अपनाना चाहिए ना कि उसका विरोध करना चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि हम राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का कार्य नहीं कर रहे बल्कि उसके सामान्य का कार्य कर रहे हैं। महापौर अन्नू ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन के नियमों का प्रकाशन राजपत्र में प्रकाशित है। जिसमें ऊंचाई पर गर्व के साथ लहराने वाले राष्ट्रध्वज के प्रति मौसम के अनुकूल या प्रतिकूल स्थिति के संबंध में निर्देश दिए गए हैं। हम उसी का पालन कर रहे हैं। हवा का दबाव अधिक होने पर, या बारिश का मौसम अधिक होने पर राष्ट्रध्वज की सुरक्षा के मद्देनजर इसे उतार लिया जाता है। मौसम सामान्य होने पर फिर से फहरा दिया जाता है।
कांग्रेस पार्षद दल के सचेतक अयोध्या तिवारी ने राष्ट्रीय ध्वज और भारत माता मंदिर के मामले में आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के द्वारा इसका काम गुपचुप तरीके से किया जा रहा है। डेढ़ साल से घोषणा होने के बावजूद भी वहां पर एक ईंट भी नहीं रखी गई। वही महापौर ने कहा कि स्वयं पार्षद रहते हुए अयोध्या तिवारी ने उस स्थान का भूमि पूजन किया था।
पूर्व बजट में भी घोषणा को शामिल किया गया था स्वीकृति उपरांत ही कार्य किया जा रहा है। भारत माता की मूर्ति की निविदा जारी होकर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। जल्द ही भव्य भारत माता का मंदिर भी अपने स्वरूप में नजर आएगा। इन मुद्दों को लेकर सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच में तीखी नोकझोंक हुई। निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने दोनों पक्षों को शांत करने का प्रयास किया। हंगामा ज्यादा होने लगा तो 15 मिनट के लिए सदन की बैठक को स्थगित कर दिया गया। बैठक दोबारा शुरू होने पर अनुपम जैन ने अपनी बात रखना प्रारंभ किया।

Author: Jai Lok







