
परितोष वर्मा
जबलपुर (जयलोक)। वर्तमान समय में पूरे मध्य प्रदेश में राजनीतिक उथल-पुथल जमकर मची हुई है। हर छोटे बड़े विषय को लेकर गली मोहल्ले से लेकर विधानसभा तक हंगामें, प्रदर्शन, धरने का दौर जारी है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच यह बात महसूस की जा रही है कि कांग्रेस ने अपनी सक्रियता आंदोलनों के माध्यम से जनता के बीच में बढ़ाई है। दूसरी ओर कांग्रेस की बढ़ती गतिविधियों के कारण भारतीय जनता पार्टी की सजगता भी बढ़ गई है। भारतीय जनता पार्टी ने भी कांग्रेस के आंदोलन के जवाब में सडक़ों पर उतर कर विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन प्रारंभ कर दिए हैं। कांग्रेस सत्ता पक्ष पर जन विरोधी नीतियों के आरोप लगा रही है। दूसरी ओर भाजपा कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी के पीछे पड़ी हुई है और भाजपा के सभी आंदोलन राहुल गांधी के विरोध में ही केंद्रित रहते हैं। सबसे बड़ी परेशानी और दुविधा की स्थिति जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की है। इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम के उथल पुथल में प्रशासन तटस्थ भूमिका में नजर आ रहा है। निश्चित तौर पर यह बात बिल्कुल सत्य है कि जिस भी राजनीतिक दल की सत्ता होती है प्रशासन उसके दबाव में होता है। ट्रांसफर, पोस्टिंग लाइन में भेजे जाने का डर इसकी मुख्य वजह है।

आंदोलन प्रदर्शन के हिंसक होने की स्थिति में सबसे पहले भूमिका वहां पर मौजूद पुलिस के जवानों, आरक्षकों को और उप निरीक्षक से लेकर थाना प्रभारी तक के लोगों की होती है। सामान्यत: ऐसी किसी भी घटना के घटित होने पर संबंधित सक्षम अधिकारी तत्काल निर्णय लेकर आवश्यकता अनुसार हल्का बल प्रयोग कर, आंसू गैस के गोले दाग कर, लाठी चार्ज कर हिंसक घटना पर उतारू लोगों को खदेड़ देते हैं। लेकिन वर्तमान समय में जो घटनाक्रम वीडियो के माध्यम से सार्वजनिक हो रहे हैं उसमें पूरे प्रदेश में कई स्थानों पर यह साफ नजर आ रहा है कि पुलिस का डंडा प्रदर्शनकारी पर लगे राजनीतिक ठप्पे को देखकर सक्रिय हो रहा है। बहुत सारे ऐसे वीडियो भी सामने आ चुके हैं जिसमें भाजपा के कार्यकर्ता और नेता धौंस जमाने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों पर दबाव डालते हैं और उलझते हुए नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं के आरोप हैं कि भाजपा ने अलोकतांत्रिक तरीके से विपक्षी दल कांग्रेस के कार्यालय इंदौर, भोपाल, जबलपुर में पहुंचकर तोडफ़ोड़ के साथ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया है जो कि अशोभनीय ही नहीं निंदनीय भी है जिसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। भाजपा से जुड़े नेता और कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी तोडफोड़, आपत्तिजनक नारों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करना दुर्भाग्य पूर्ण बतला रहे हैं।

वही भाजपा ने ए आई समिट में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा अर्धनग्न प्रदर्शन को पूरी दुनिया के सामने देश की बेज्जती करवाने वाला कृत्य बताते हुए सभी कांग्रेस के कार्यालयों में प्रदर्शन किया है।
अमेरिका खरीदने जा रहा दुनिया का सबसे शक्तिशाली बंकर बस्टर बम
Author: Jai Lok






