
जबलपुर (जय लोक)
नगर निगम जबलपुर ने इस सिंतम्बर माह में पचास करोड़ रूपये की राशि टैक्स के रूप में वसूलने का एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। इस टैक्स की वसूली के लिए नगर निगम के सभी संभागीय कार्यालयों ने पूरी ताकत लगा दी है। राजस्व विभाग का अमला इस वसूली के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार कोशिशें भी कर रहा है। नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव ने राजस्व विभाग को इस माह में पचास करोड़ रूपये की राशि की वसूली का लक्ष्य दिया है और यह उम्मीद की है कि राजस्व विभाग इस लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करेगा।
नगर निगम इस सिंतम्बर माह में करदाताओं को संपत्तिकर में 6.25 प्रतिशत की छूट भी देता है। इस छूट का लाभ भी करदाता उठाते हैं, वहीं नगर निगम वरिष्ठ नागरिकों को जलकर में भी 25 प्रतिशत की छूट इस सितम्बर माह में दे रहा है। संपत्तिकर और जलकर में छूट दिए जाने से यह उम्मीद की जा रही है कि इन दोनों ही छूट से वसूली का लक्ष्य भी हासिल हो सकेगा।
किराएदारों के नाम पहली बार हो रहे हैं दर्ज
नगर निगम ने पहली बार नगर निगम सीमा में किराएदारों के नामों को दर्ज करने का अभियान शुरू किया है। इस अभियान में ऐसे भवन स्वामी या मकान मालिक और व्यवसायिक परिसरों के मालिक जिन्होंने अपने यहाँ किराएदार भी रखे हुए हैं ऐस किराएदारों के नाम भी दर्ज करने की कार्रवाही नगर निगम शुरू कर चुका है। अभी तक करीब दो हजार किराएदारों के नाम भी दर्ज हो चुके हैं। अब भवन स्वामियों को किराएदार वाले हिस्सों में बढ़ा हुआ टैक्स भी देना होगा। इससे भी नगर निगम के राजस्व में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद की जा रही है। नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव ने करों की वसूली और किराएदारों के नामों को दर्ज करने में लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाही करने की भी चेतावनी दी है।

Author: Jai Lok







