
शाम 5 बजे मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
इंदौर/भोपाल (जयलोक)। आज शाम 5 बजे इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 2025’ का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका शुभारंभ करेंगे। मध्यप्रदेश को टेक्नोलॉजी और डिजिटल नवाचार का केन्द्र बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कॉन्क्लेव के लिए शहर में सुबह से ही उद्योगपति और जनप्रतिनिधि जुटने लगे हैं। शनिवार को देर रात चीफ सेक्रेटरी संजय दुबे ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उम्मीद जताई है कि कॉन्क्लेव देश-दुनिया के टेक दिग्गजों के लिए निवेश का स्वर्णिम अवसर सिद्ध होगा। राज्य के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का ये कॉन्क्लेव आयोजन जीआईएस-भोपाल में आए निवेश प्रस्तावों को मूर्त रूप देने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
300 से अधिक विशेषज्ञ और उद्योगपति आएंगे
‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव’ प्रदेश का पहला पूर्णत: सेक्टर आधारित टेक-कॉन्क्लेव होगा, जो हाल ही में आयोजित जीआईएस-भोपाल में आए निवेश प्रस्तावों को धरातल पर साकार करने का मंच बनेगा।
चार नई नीतियाँ आएंगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर प्रदेश की चार नई तकनीकी नीतियों जीसीसी नीति, ड्रोन नीति, सेमीकंडक्टर नीति एवं एवीजीसी-एक्सआर नीति की गाइडलाइन्स जारी करेंगे।यह नीतियां नवाचार, अनुसंधान और निर्माण को प्रोत्साहित कर प्रदेश में क्षेत्रीय स्तर तक तकनीकी उद्य्मिता और क्षमताओं को नई ऊँचाइयाँ देंगी।
यह सौगातें मिलेंगी
कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव नए आईटी पार्क, स्किल डेवलपमेंट सेंटर्स और स्टार्ट-अप इन्क्यूबेटरों का भूमि-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री कॉन्क्लेव में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ और इन्क्यूबेशन हब का शुभारंभ करेंगे, प्रमुख निवेशकों के साथ एमओयू और आवंटन-पत्रों पर हस्ताक्षर करेंगे और इंवेस्टमेंट फैसिलिटेशन पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इस पोर्टल से निवेशकों को प्रोजेक्ट्स की रियल-टाइम ट्रैकिंग और एकल खिडक़ी की सुविधा मिलेगी।
Author: Jai Lok







