
जबलपुर (जय लोक)
तेज रफ्तार से स्कार्पियो दौड़ाते हुए राहगीरों को गाली देना 5 युवकों को महँगा पड़ गया। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात 2 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से गोरखपुर, गढ़ा और धनवंतरी नगर पुलिस चौकी को सूचना मिली कि एक ब्लैक स्कॉर्पियो में कुछ लडक़े शराब के नशे में हैं। यह गाड़ी तेज रफ्तार से चल रही थी और सवार लोग राहगीरों को गालियाँ दे रहे थे। यह मैसेज जैसे ही तीनों ही थानों की पुलिस तक पहुँचा, जिसके बाद पुलिस अलर्ट हुई और फिर आठ किलोमीटर तक स्कॉर्पियो का पीछा कर 5 लडक़ों को घेरकर छोटी लाइन से पकड़ा। यह सभी लडक़े शराब के नशे में थे। स्कॉर्पियो में सवार लडक़ों को गोरखपुर थाने लाया गया जहाँ उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की गई। जानकारी के मुताबिक ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार आठ लडक़े तेज रफ्तार से बीच सडक़ पर गाड़ी चला रहे थे। कई मर्तबा ऐसा भी लगा कि किसी वाहन से टक्कर ना हो जाए। स्थानीय लोगों ने यह जानकारी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी जिसके बाद कंट्रोल रूम से तीन थानों में मैसेज गया। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि तेज रफ्तार से भाग रही स्कार्पियो में युवक लोगों के साथ गाली गलौच कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने काफी दूर तक उनका पीछा किया। काले रंग की स्कार्पियो को जब रोका गया तो उसमें पाँच युवक मिले। पूछताछ करने पर पता चला कि स्कार्पियो कटनी के एक पुलिस अधिकारी की कार है।
स्कॉर्पियो पर लिखा हुआ था ‘पुलिस’
स्थानीय लोगों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को ब्लैक स्कॉर्पियो (एमपी 21 सीए-7185) की सूचना दी थी, जिसके बाद कंट्रोल रूम से तीनों थानों में मैसेज गया। स्कॉपियो पर ‘पुलिस’ लिखा हुआ था। धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी विनोद पाठक ने बताया कि बाइपास से मेडिकल होते हुए तेज रफ्तार में जा रही इस स्कॉर्पियो में सवार सभी युवक नशे में धुत थे और 150 किलोमीटर की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। हालांकि चालक नशे में नहीं था। छोटी लाइन चौराहे के पास इन्हें घेरकर पकड़ा गया। जाँच के दौरान पता चला कि स्कार्पियो कटनी पुलिस की है। लेकिन यह स्कार्पियो शहर कैसे पहुँची और यह स्कार्पियो इन युवकों के हाथों में कैसे लगी इस बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।
इनका कहना है
स्कर्पियो कटनी पुलिस की है, इन युवकों के पास यह वाहन कैसे आया इसकी जाँच की जा रही है। स्कार्पियो और युवकों को गोरखपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

विनोद पाठक, धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी

Author: Jai Lok







