
जबलपुर (जय लोक)। घरेलू गैस की किल्लत बढ़ती जा रही है, गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हालत यह है कि सुबह से लेकर दोपहर में तपती धूप में उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। वहीं लंबी लाईन में लगने के बाद भी कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है। देशभर में हो रही समस्याओं को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडर के अंतर्गत प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना कनेक्शन के लिए 45 दिन, गैर-पीएमयूवाई सिंगल सिलेंडर के लिए 25 दिन और डबल सिलेंडर के लिए 35 दिन की नई समयसीमा लागू की गई है। सरकार ने इन दावों को भ्रामक और गलत बताया है। रिफिल बुकिंग की समय सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ऐसे में लोगों की एजेंसियों के कर्मचारियों के साथ नोंकझोंक भी देखने को मिल रही है। वहीं नौकरीपेशा लोग इस लंबी लाइन से ज्यादा परेशान दिखाई दे रहे हैं। इरान और अमेरिका-इजराइल के बीच चल रहे युद्ध ने कई देशों को प्रभावित किया है। इस युद्ध से रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल कि किल्लत पैदा हो गई है। आलम यह है कि कई लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है जिसके कारण चूल्हा, कंडे, इलेक्ट्रानिक चूल्हे का उपयोग करना पड़ रहा है। कई जगहों पर रसोई गैस की लाइन में लगे लोगों की हालत बिगडऩे की जानकारी भी सामने आई है।

गैस बुकिंग के नए नियमों की अफवाह
एक ओर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए परेशान होना पड़ रहा है तो दूसरी ओर उनकी परेशानी गैस बुकिंग के बदले अफवाह ने और बढ़ा दी है। सुबह से ही भ्रामक खबरे प्रकाशित की जा रही है कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर एक बार फिर बड़ा बदलाव किया गया है।
भ्रामक खबरों में कहा जा रहा है कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 25 दिन की बुकिंग को बढ़ाकर अब 35 दिन कर दिया है। सिंगल सिलेंडर वालों के लिए बुकिंग की अवधि फिलहाल 25 दिन ही रहेगी। जिनके दो एलपीजी सिलेंडर हैं, उन्हें 35 दिन बाद गैस सिलेंडर की बुकिंग दी जाएगी। इसके अलावा, उज्जवला योजना वाले उपभोक्ताओं की 45 दिन बाद बुकिंग स्वीकार की जाएगी। हालांकि इस तरह का कोई नियम जारी नहीं किया गया है।

उपभोक्ता परेशान
लोगों का कहना है कि नए नियमों से उन्हें परेशान होना पड़ेगा। उनका कहना है कि 35 दिनों के अंतराल के बाद गैस बुकिंग करने से रसोई गैस खत्म होने का डर बना रहेगा। हालांकि यह खबर पूरी तरह से भ्रामक कही जा रही है कि घरेलू सिलेंडर की बुकिंग में बदलाव किया गया है।

बिगड़ते जा रहे हालात
समय के साथ रसोई गैस को लेकर हालात बिगड़ते जा रहे हैं। रसोई गैस की किल्लत को लेकर सुबह से लेकर रात तक लोग परेशान होते देखे जा रहे हैं। वहीं गैस एजेंसी के कर्मचारी उपभोक्ताओं को किसी तरह समझाईस देकर मामला बिगडऩे से रोक रहे हैं।
Author: Jai Lok






