
जबलपुर (जय लोक)। दीपोत्सव पर शहर में स्पेशल सफाई अभियान चलाने नगर निगम का अमला जुटा हुआ है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, स्वच्छता प्रभारी एमआईसी सदस्य रजनी कैलाश साहू एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार इसके लिए लगातार जमीनी स्तर पर प्रयास कर रहे हैं और सफाई व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के अंतर्गत निगमायुक्त श्री अहिरवार सुबह के बाद रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने शहर में रात एक बजे तक भ्रमण कर रहे हैं और स्वच्छता टीम को सफाई रखने के लिए मोटिवेट कर रहे हैं। कल रात को भी निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्वच्छता टीम के सदस्यों को साथ लेकर रात में सिविक सेंटर पहुंचे और नाइट स्वीपिंग व्यवस्था को देखा। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीम शहर सफाई के लिए एक दम मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि टीम सुबह के अलावा रात्रि के समय भी कार्य कर रही है।

निगमायुक्त ने दीपोत्सव पर्व पर नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए आग्रह किया है कि घरों से निकलने वाले कचरों को यहां वहां न फेंके, कचरा गाड़ी में ही कचरा डालें। निगम डीप क्लिनिंग कराने पर विशेष फोकस कर रहा है केवल सभी नागरिकों का सहयोग और साथ चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त वी.एन. वाजपेयी, उपायुक्त संभव अयाची, अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से, हेल्थ ऑफिसर अंकिता बर्मन, अर्जुन यादव, पोलाराव, धर्मेन्द राज, सीएसआई संदीप पटेल, अभिषेक मिश्रा, विश्वारी आदि मौजूद रहे।

Author: Jai Lok







