
दिल्ली में हुई बैठक, जीतू पटवारी और सिंघार हुए शामिल
नई दिल्ली (जयलोक)। कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व मध्यप्रदेश में नेताओं के एकला चलो नीति से नाराज है। प्रदेश संगठन से साफ कहा गया है कि इस नीति पर जल्द ही विराम लगाया जाए। इसे लेकर दिल्ली में पार्टी की अहम बैठक हुई, जिसमें मध्यप्रदेश के नेता भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश संगठन को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को शिकायत मिली थी कि कई नेता एक मुद्दे पर अलग-अलग राह पर चलते है। जिससे कार्यकर्ता पार्टी में एकता को लेकर भ्रमित होता है, तो वह पार्टी के बैनर की बजाए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के लिए काम करने लगते है।

जिससे पार्टी एक जुट होकर जनता की लड़ाई सडक़ पर नहीं लड़ पाती है। बताया गया है कि इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में बैठक हुई, जिसमें पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन और सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल सहित दूसरे नेता मौजूद रहे। जानकारों की माने तो बैठक में किसी भी विषय पर सरकार के खिलाफ एक जुटकर लड़ाई लडऩे की बात कही गई।

राज्यसभा को लेकर चर्चा
सूत्रों की मानें तो दिल्ली में हुई इस बैठक में अगले माह खाली हो रही राज्यसभा की एक सीट के लिए संभावित प्रत्याशी के नाम पर भी चर्चा की गई है। वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश नेतृत्व से कहा है कि वह अभी से यह तैयारी कर लें कि वरिष्ठ नेतृत्व जिसे भी प्रत्याशी बनाए, उसे पार्टी से सभी सदस्यों का समर्थन प्राप्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की गलत प्रयासों के बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Author: Jai Lok







