
सहयोग सेल सुलझाएगा कार्यकर्ताओं की समस्याएं
भोपाल (जयलोक)। भाजपा कैडर बेस पार्टी है। इसलिए इस पार्टी में कार्यकर्ता को सर्वोपरि माना जाता है। हेमंत खंडेलवाल जब से मप्र भाजपा अध्यक्ष बने हैं उन्होंने कार्यकर्ताओं को महत्व दिलाने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में खंडेलवाल ने प्रदेश कार्यालय में सहयोग सेल की व्यवस्था शुरू की है। हेमंत खंडेलवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भी प्रदेश कार्यालय में नेताओं कार्यकर्ताओं की भीड़ लग रही थी। इनमें कई ऐसे कार्यकर्ता भी भोपाल आ रहे थे जिनकी समस्याओं का निराकरण जिला स्तर पर ही हो सकता है।
प्रदेश स्तर पर लगने वाली भीड़ को कम करने और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए खंडेलवाल के निर्देश पर सहयोग सेल बनाने की शुरुआत की गई है। इस सहयोग सेल में प्रदेश संयोजक और जिला संयोजक नियुक्त किए जाएंगे। सहयोग सेल में रिटायर्ड आईएएस अफसर भी शामिल करने पर विचार चल रहा है।
खंडेलवाल के निर्देश पर भाजपा के जिला पदाधिकारियों के जिला कार्यालय में बैठने के दिन तय किए जा रहे हैं। जिला अध्यक्ष के लिए भी दिन तय किया जा रहा है कि जिला अध्यक्ष से लेकर कौन से जिला पदाधिकारी किस दिन कार्यालय में बैठकर आम लोगों और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा इस संबंध में सभी भाजपा जिला अध्यक्षों को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह सहयोग सेल पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद, समन्वय एवं समस्याओं के समाधान का एक स्थायी माध्यम बनेगा। पत्र के अनुसार, सहयोग सेल के अंतर्गत वही विषय प्रस्तुत किए जाएंगे जिनका समाधान जिला अथवा संभाग स्तर पर संभव न हो और जिनमें मंत्रीगण अथवा प्रदेश पदाधिकारियों के हस्तक्षेप की आवश्यकता हो। भोपाल आने वाले आगंतुकों के प्रशासनिक, विभागीय, जनहित से जुड़े एवं संगठनात्मक विषयों को निर्धारित प्रारूप, संक्षिप्त और तथ्यपरक रूप में संकलित किया जाएगा। गौरतलब है कि सीएम और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा तय की गई व्यवस्था अधिकांश मंत्रियों को बोझ लग रही है। वे मन मारकर प्रदेश कार्यालय में बैठ रहे है। हालांकि खुलकर फिलहाल इस बारे में कुछ कहने से बच रहे है। गौरतलब यह भी है कि इससे पहले भी प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों के बैठने के फरमान जारी हुए पर यह व्यवस्था लंबी नही चल पाई पर इस बार संगठन जिस सख्ती से व्यवस्था लागू कर रहा है उससे मंत्रियों की पेशानी पर बल है।
जिलों में प्रभारी मंत्री करेंगे सुनवाई
पिछले महीने से इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए मंत्रियों के बैठने का पूरे महीने का ड्यूटी रोस्टर भी जारी किया जा रहा है। फरवरी का ड्यूटी रोस्टर भी भाजपा प्रदेश कार्यालय ने जारी कर दिया है। अब इस व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए जिलों में भी शिकायतों की सुनवाई शुरू किए जाने की तैयारी भाजपा प्रदेश कार्यालय ने शुरू कर दी है। इसके लिए पूरी गाइडलाइन बनाई जा रही है। जल्द ही यह व्यवस्था प्रदेश के सभी जिलों में शुरू हो जाएगी। इसके तहत जिलों में प्रभारी मंत्री महीने में एक दिन भाजपा जिला कार्यालय में बैठेंगे और जिलों के कार्यकर्ता और आमजनों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। इस बैठक में जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक इस नई व्यवस्था के शुरू होने से दूर-दराज के जिलों के कार्यकर्ताओं को अपनी समस्याएं लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। उनकी समस्याओं का निराकरण जिलों के प्रभारी मंत्रियों के माध्यम से जिलों में ही हो जाएगा। इसके साथ ही सांसद और विधायकों को इस व्यवस्था में शामिल किया जाएगा। सांसद और विधायक भी कार्यकर्ता और आम लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। गौरतलब है कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार से शुक्रवार तक मंत्री दो घंटे बैठते हैं और कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं सुनते हैं।
जनवरी में ही पकड़े गए रेत, गिट्टी और मुरूम परिवहन के 8 मामले
Author: Jai Lok







