
जबलपुर (जयलोक)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा केन्द्रीय स्वास्थ एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एव उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आज जबलपुर आगमन हुआ। डुमना विमानतल पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पूर्व भाजपा अध्यक्ष व्हीडी शर्मा, प्रदेश भाजपा प्रभारी महेन्द्र सिंह, प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, सांसद आशीष दुबे, श्रीमती सुमित्रा बाल्मिकी, जबलपुर संभाग की प्रभारी, राज्यसभा सांसद सुश्री कविता पाटीदार, भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े के साथ ही नगर भाजपा के अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल आदि ने विमानतल पर जेपी नड्डा का स्वागत किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा डुमना विमानतल से भाजपा संभागीय कार्यालय रानीताल पहुँचे। डुमना से रानीताल कार्यालय तक पूरे मार्ग में भाजपा द्वारा स्वागत मंच लगाए गए जिससे पुष्प वर्षा की गई। श्री नड्डा ने भाजपा संभागीय कार्यालय में जबलपुर, रीवा, सागर एवं शहडोल, संभाग के प्रमुख जनों की बैठक को सम्बोधित किया।

प्रदेश के स्वास्थ सेवाओं के लिए बड़ी सौगातें
केन्द्रीय स्वास्थ मंत्री जेपी नड्डा आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस सांस्कृतिक सूचना केन्द्र घंटाघर में आयोजित होने वाले समारोह में भी शामिल होंगे। वे श्योमपुर, सिंगरौली में नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों का लोकार्पण करेंगे। वे पीपी मॉडल पर धार, बैतूल, पन्ना एवं कटनी चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना हेतु अनुबंध हस्ताक्षरित करेंगे। इस अवसर पर 8 लाख वय वंदना काल वितरित किए जाएंगे। स्मार्ट चैटबॉट आयुष्मान सखी का शुभारंभ आशा संवाद कार्यक्रम के शुभारंभ के साथ ही मात्र गर्भाअवस्था आहार प्रचार सामग्री, एवं मातृ शिशु सुरक्षा गार्ड का विमोचन भी किया जाएगा। केन्द्रीय स्वास्थ मंत्री जेपी नड्डा ये बड़ी उपलब्धियाँ आज प्रदेश को सौंपने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम की अध्यक्ष प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।

राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि के साथ धक्का-मुक्की
भाजपा कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आगमन को लेकर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे और सख्ती भी बरती जा रही थी। इस दौरान भाजपा कार्यालय में काफी भीड़भाड़ भी थी। जिससे भाजपा कार्यालय के प्रवेश द्वार पर लोगों को रोका जा रहा था। बताया जाता है कि सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मिक को भी प्रवेश करने में काफी दिक्कत हुई और धक्कामुक्की में उनका चश्मा भी टूट गया। जिसको लेकर हंगामा भी हुआ। बताया जा रहा है कि सुमित्रा बाल्मिकी को प्रवेश से रोके जाने को लेकर यह हंगामा हुआ। जिसका उनके समर्थकों ने विरोध भी किया और बहस शुरू हो गई। बहस के दौरान धक्का मुक्की में सांसद सुमित्रा बाल्मिक का चश्मा गिरकर टूट गया। हालांकि कुछ देर बाद यह हंगामा शांत हो गया और सुमित्रा बाल्मिक को अंदर जाने दिया गया। भाजपा कार्यालय से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें गार्ड और राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि के बीच झूमाझटकी होती दिखाई दी।
गार्ड ने रोका, भडक़ी सांसद- प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैठक कक्ष में प्रवेश करने जा रहीं सांसद सुमित्रा वाल्मीकि को गार्ड ने रोक दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला झूमाझपटी तक पहुंच गया।
वीडियो हुआ वायरल- भाजपा कार्यालय से सामने आए वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि गार्ड और सांसद के बीच हाथापाई जैसी स्थिति बनी। मौके पर मौजूद अन्य नेताओं ने किसी तरह मामला शांत कराया।

Author: Jai Lok







