
जबलपुर (जयलोक)। गोरखपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बिल्डर के द्वारा निर्मित किये जा रहे नर्मदा एवेन्यू अपार्टमेंट के परिसर में जाकर गुंडागर्दी कर वहां के कर्मचारियों से मारपीट और तोडफ़ोड़ करने वाले शैवाल उर्फ बमबम नायक इस घटना को अंजाम देने के बाद से लगातार फरार है और पुलिस को छका रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी हरिजन एक्ट के तहत शिकायत दर्ज हो चुकी है। इस मामले में भी वह लंबे समय तक फरार था। गुंडई कर क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले इस आरोपी की गिरफ्तारी न होने से व्यापारियों में आक्रोश पनप रहा है।
इस घटना के विवाद के पीछे जो बातें निकलकर सामने आई हैं वह केवल अपना रसूख जमाने के लिए और नवनिर्मित नर्मदा एवेन्यू अपार्टमेंट की छत पर जाकर अपने साथियों के साथ शराबखोरी करने का मामला सामने आ रहा है। अपराधी किस्म के इस व्यक्ति ने जब अपार्टमेंट के परिसर में पहुँच कर जबरजस्ती अंदर घुसना चाहा तो वहां पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसी बात पर उसने रंगदारी दिखाते हुए अंकित यादव जो कि वहां सुपरवाइजर के रूप में काम करता है उसके साथ और अन्य लेबर के साथ मारपीट की और जबरजस्ती कार्यालय और भंडार का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुस गया। वहाँ रखे सामान में भी आरोपी ने दहशत फैलाने के उद्देश्य तोडफ़ोड़ की।
अंकित यादव ने बताया कि आरोपी के रिश्तेदार का इस अपार्टमेंट में एक फ्लैट है। इसी वजह से वह यहां आता जाता है और उसे अपना फ्लैट बताता है। आरोपी जबरजस्ती अपना रसूख जमाने के लिए आए दिन इसी प्रकार की हरकतें करता रहता है। पूर्व में भी एक सफाई कर्मचारी के साथ उसने रंगदारी बताते हुए अपने साथियों के साथ मारपीट की थी। इस मामले में भी आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई न होने से उक्त सफाई कर्मचारी दहशत में काम छोडक़र चला गया था।
लगातार वारदातों में शामिल रहने के बाद भी ऐसे आरोपियों पर पुलिस की सख्त कार्यवाही न होने के कारण क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश पनप रहा है और उन्होंने जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की माँग की है।

इनका कहना है
इस मामले में बमबम को नोटिस जारी कर बुलाया गया है। उससे इस मामले में पूछताछ की जाएगी। जिसके बाद आगे की कार्रवाही की जाएगी।
एमडी नागोतिया, सीएसी

Author: Jai Lok







