
जबलपुर (जयलोक)। गुरंदी बाजार में स्थित कबाड़ गोदाम में आज सुबह भीषण आग लग गई। कबाड़ गोदाम में भडक़ी आग ने आसपास की दुकानोंं को भी अपने कब्जे में ले लिया। देखते ही देखते आग काफी बढ़ चुकी थी। आग से उठता धुआँ दूर से ही देखा जा सकता था। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने अपने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग बढ़ जाने के कारण सभी को पीछे हटना पड़ा। इसी बीच सूचना मिलते ही पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि यह अग्रिहादसा सुबह 9 बजे हुआ, यहां एक कबाड़ गोदाम में अचानक आग भडक़ उठी। देखते ही देखते आग आसपास की चार पाँच दुकानों तक पहुँच गई। आग बढ़ती देख अन्य दुकान संचालकों ने अपनी अपनी दुकानों से सामान निकलना शुरू कर दिया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वहीं आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।

आधा दर्जन वाहनों की ली मदद
आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को आधा दर्जन दमकल वाहनों की जरूरत पड़ी। करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद कबाड़ गोदाम और दुकानों में धुआँ ही धुआँ नजर आया। दुकान संचालकों का कहना है कि आग लगने से उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है।

बाजार में थी भीड़
आग लगने के कारण गुरंदी में हडक़ंप मच गया। रविवार का दिन होने के कारण बाजार में भारी भीड़ थी, समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से बड़ी अनहोनी टल गई। वहीं भीड़ होने की वजह से दमकल कर्मियों को भी घटना स्थल तक पहुँचने में काफी समय लग गया।
कुएं में जा गिरी कार, एक ही परिवार के 6 बच्चों सहित 9 की मौत
Author: Jai Lok






