
जबलपुर (जयलोक)। बरेला के ग्राम परतला में आज सुबह खेत में एक किसान की हत्या कर दी गई। अधेड़ का शव खेत में रक्तरंजिश हालत में पाया गया है। शरीर पर चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस का कहना है कि अधेड़ पर धारदार हथियारों से हमला किया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक कल रात को खेत के लिए निकला था जो वापस नहीं लौटा। आज सुबह ग्रामीणों ने उसका शव खेत में पड़ा देखा।
पुलिस का कहना है कि 55 वर्षीय अधेड़ रविशंकर पटेल का शव खून से लथपथ हालत में मिला। सुबह जब परिजन खेत पहुँचे तो उन्होंने रविशंकर को मृत अवस्था में देखा। यह खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा पसर गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक रविशंकर पटेल खेती-किसानी का कार्य करता था और ज्यादातर समय अपने खेत पर ही रहता था। कल रात भी काम के लिए वह खेत में ही रूक गया। आज सुबह जब परिजन खेत की ओर पहुँचे तो उन्होंने देखा कि रविशंकर मृत अवस्था में पड़ा है। शरीर पर और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ हो रहा था कि उसकी हत्या की गई है।
हत्या की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिजनों का कहना है कि रविशंकर सीधा-सादा इंसान था और किसी से उसकी खास दुश्मनी भी नहीं थी। ऐसे में उसकी हत्या क्यों और किसने की, यह सबके लिए रहस्य बना हुआ है।

ग्रामीणों से की पूछताछ
बरेला पुलिस ने इस हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए मृतक के परिवार और गाँव के लोगों से पूछताछ की। लेकिन आरोपी के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका। लोग दबी जुबान में तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। कुछ का कहना है कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है, तो कुछ लोग इसे आपसी विवाद से जोड़ रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद हत्या का कारण और समय स्पष्ट हो जाएगा। तब तक पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

रोज खेत में ही रुकता था मृतक
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि मृतक खेती किसानी के कार्य के कारण हमेशा खेत में ही रहता था। कल रात को भी वह खेत में रुक गया। इसी बीच किसी ने उसकी हत्या कर दी। अब पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि मृतक को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था वहीं उसकी मोबाईल फोन की भी जाँच की जा रही है।
झारखंड में माओवादियों के साथ मुठभेड़ में दो पुलिस जवान शहीद, एक घायल
Author: Jai Lok







