
सांसद आशीष दुबे ने कहा—ऐसे संस्थान शहर की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देते हैं
आधुनिक नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में जबलपुर ने बढ़ाया एक और कदम
जबलपुर, (जयलोक)। संस्कारधानी जबलपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में छवि सुपर स्पेशलिटी आई हॉस्पिटल के नव-निर्मित भवन का लोकार्पण रविवार को गरिमामय समारोह में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जबलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय श्री आशीष दुबे थे। अध्यक्षता जबलपुर के महापौर एवं प्रथम नागरिक माननीय श्री जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने की, जबकि प्रमुख अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद माननीय श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि उपस्थित रहीं।
जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ चिकित्सकों की उपस्थिति- समारोह में विधायक श्री अशोक रोहाणी, डॉ. अभिलाष पांडेय, श्री अजय विश्नोई, श्री सुशील कुमार तिवारी ‘इंदु भैया’, श्री लखन घनघोरिया एवं श्री नीरज सिंह उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त तीर्थ एवं मेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री विनोद गोटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिंकू विज तथा भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर के अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर सहित अन्य गणमान्यजन ने समारोह में सहभागिता की।
इस अवसर पर हटा, दमोह से विशेष रूप से पधारे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सी. एल. नेमा तथा वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आर. एन. नेमा भी उपस्थित रहे। परम आदरणीय गुरुवर भगवान श्री करपात्री जी महाराज के शिष्य पूज्य शिवमित्रानंद (शर्मा जी) की उपस्थिति भी समारोह का महत्वपूर्ण हिस्सा रही।
चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार शहर के विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा : सांसद आशीष दुबे
मुख्य अतिथि सांसद श्री आशीष दुबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि जबलपुर आज आधारभूत संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं की ओर बढ़ रहा है। चिकित्सा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि छवि सुपर स्पेशलिटी आई हॉस्पिटल जैसे आधुनिक नेत्र चिकित्सा संस्थान का विकसित होना जबलपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को आगे ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने डॉ. अखिलेश नेमा एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए इस पहल की सराहना की।कार्यक्रम की प्रमुख अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि ने भी चिकित्सा क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के विकास के प्रयासों की सराहना करते हुए अस्पताल प्रबंधन को साधुवाद दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने नव-निर्मित भवन के लोकार्पण पर डॉ. अखिलेश नेमा एवं उनकी टीम को शुभकामनाएँ दीं।





